शहर

'चला मत देना...भाई ये क्या कर दिया'; दिल्ली में शख्स ने खुद को मारी गोली, दोस्त बना रहा था वीडियो, हंसते-हंसते दबाया ट्रिगर

Delhi Crime: व्यक्ति को इलाज के लिए तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने बताया कि वह पिस्तौल लाइसेंसी थी और उसके संबंधी की थी।

Image

दिल्ली में शख्स ने खुद को मारी गोली, दोस्त बना रहा था वीडियो, हंसते-हंसते दबाया ट्रिगर

Delhi Dallupura Pawan Case: पूर्वी दिल्ली से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक 28 वर्षीय युवक ने गलती से (प्रथम दृष्टया) अपनी ही छाती में गोली मार ली। यह घटना कैमरे में कैद हो गई, क्योंकि पूरी घटना का पहले से ही वीडियो युवक के दोस्त या कोई संबंधी बना रहा है। अभी यह फिलहाल जांच का विषय है। मृतक की पहचान पवन के रूप में हुई है, जो दल्लूपुरा गांव का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई है, लेकिन बताया गया कि वीडियो बनाने वाले व्यक्ति को अपने दोस्त पवन के इरादों के बारे में कोई जानकारी नहीं थी।

PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना न्यू अशोक नगर के दल्लूपुरा इलाके में तब हुई, जब पवन अपने संबंधी हिमांशु की लाइसेंसी पिस्तौल को पकड़े हुआ था। शुरुआती जांच से पता चलता है कि वह एक वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था और कोई स्टंट करने की कोशिश कर रहा था; इसी दौरान उसने पिस्तौल में मैगजीन लगाई, उसे अपनी छाती से सटाया और ट्रिगर दबा दिया, जिससे वह तुरंत गिर गया।

दहला देने वाला वीडियो सामने आया

ऑनलाइन सामने आए इस दहला देने वाले वीडियो में एक आदमी को अपने हाथ में मौजूद पिस्तौल में मैगजीन लगाते हुए देखा जा सकता है, जबकि उसका साथी उसे रिकॉर्ड कर रहा है। एक जगह, कैमरे के पीछे मौजूद व्यक्ति को उसे यह कहते हुए सुना जा सकता है कि मैगजीन कैसे लगानी है। हालांकि, जब मैगजीन लग जाती है तो वो दोस्त पवन को कहता है कि 'इसे चलाना मत।'

वीडियो में दिखता है जैसे पवन को दोस्त की बात से कोई असर ही नहीं पड़ा। वह छाती पर बंदूक को लगा देता है और सेकेंड में बटन दबा देता है। वह पल भर के लिए कैमरे की ओर देखता है और मुस्कुराता है, फिर अचानक ट्रिगर दबा देता है। गोली लगते ही वह तुरंत जमीन पर गिर पड़ता है और तेजी से खून बहने लगता है। यह देखकर रिकॉर्डिंग कर रहा व्यक्ति सदमे में आ जाता है और चिल्लाते हुए कहता है, 'भाई, तूने यह क्या कर दिया?'

पवन को तुरंत वसुंधरा एन्क्लेव के धर्मशिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस घटना की जांच कर रही

क्राइम टीम और फोरेंसिक टीम ने अस्पताल और घटनास्थल, दोनों जगहों का मुआयना किया। शव को पोस्टमार्टम के लिए LBS अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया गया है। घटनास्थल पर की गई जांच और शुरुआती पूछताछ से पता चला कि मृतक ने उसके साथी की लाइसेंसी पिस्तौल से खुद ही गोली मारी थी, जैसा वीडियो में भी दिखा।

लाइसेंसी पिस्तौल के साथ-साथ 10 जिंदा कारतूस भी जब्त कर लिए गए हैं। हिमांशु का मोबाइल फोन, जिसमें घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग मौजूद है, उसे भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।

फोरेंसिक सबूतों सहित घटना से जुड़े सभी जरूरी सबूत घटनास्थल और शव से इकट्ठा कर लिए गए हैं। जांच के नतीजों, वीडियो सबूतों और आसपास के हालात के आधार पर, न्यू अशोक नगर पुलिस स्टेशन में BNS की धारा 105 और Arms Act के संबंधित प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!