Delhi NCR Rain: दिल्ली-एनसीआर में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के साथ हुई बारिश ने लोगों को उमस और तपिश से बड़ी राहत दी, जिससे तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई। मौसम के इस बदलाव से राजधानी और आसपास के इलाकों में लोगों ने राहत की सांस ली और मौसम सुहावना हो गया।
दिल्ली में कल का मौसम
दिल्ली में कल यानी मंगलवार को दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। दोपहर या रात के समय कहीं-कहीं हल्की से बहुत हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकते हैं। सुबह के समय पश्चिमी दिशा से लगभग 20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो दोपहर में बढ़कर 25 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। शाम और रात में हवा की रफ्तार घटकर करीब 20 किमी प्रति घंटे रहने की संभावना है।
दिल्ली में 1 जुलाई का मौसम
वहीं बुधवार 1 जुलाई को भी राजधानी में पूरे दिन सामान्य रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। दोपहर या रात के दौरान हल्की से बहुत हल्की बारिश, गरज-चमक और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की गति 60 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। इस दिन अधिकतम तापमान 37 से 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास बने रहने की संभावना है। सुबह उत्तर-पश्चिम दिशा से करीब 25 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। दोपहर में पश्चिमी दिशा से हवा की गति घटकर लगभग 20 किमी प्रति घंटे रह सकती है, जबकि शाम और रात के समय पश्चिमी हवाओं की रफ्तार फिर बढ़कर करीब 22 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
