शहर

Delhi News: दिल्ली में फिर चाकूबाजी, पार्क में युवक की हत्या से दहशत; तीन नाबालिग हिरासत में

दिल्ली के कोंडली इलाके में एक पार्क में मामूली कहासुनी के बाद तीन नाबालिगों ने कथित तौर पर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Image

सांकेतिक फोटो

Photo : Times Now Digital

Delhi Murder News: पूर्वी दिल्ली के कोंडली इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां रविवार को एक पार्क में तीन नाबालिगों ने कथित तौर पर एक व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद नाबालिगों ने इस घटना को अंजाम दिया। अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने तीनों आरोपियों को पकड़ लिया है। जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

मामूली टक्कर से बढ़ा विवाद

पुलिस ने बताया कि शनिवार देर रात 12 बजकर तीन मिनट पर एक पीसीआर कॉल मिली थी, जिसमें मयूर विहार फेज-3 स्थित कोंडली के दिल्ली विकास प्राधिकरण पार्क में एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना दी गई थी। उन्होंने बताया कि पीड़ित को तुरंत लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा, "जांच के दौरान पता चला कि युवक शनिवार शाम अपने दो दोस्तों के साथ पार्क गया था। रात करीब 11.30 बजे जब वे पार्क से निकल रहे थे, तभी कथित तौर पर एक मामूली टक्कर होने के बाद पीड़ित और तीनों नाबालिगों के बीच तीखी बहस हो गई।"

आरोपियों ने कई बार किया चाकू से वार

अधिकारी के अनुसार, इस दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर पीड़ित पर धारदार हथियार से हमला किया और फरार होने से पहले उस पर कई बार वार किये। उन्होंने बताया कि अपराध और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है तथा चश्मदीदों के बयानों के आधार पर एक प्राथमिकी दर्ज की गई है। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है।

(इनपुट- भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article