Delhi News: दिल्ली में सोमवार सुबह येलो लाइन पर मेट्रो सेवाएं करीब डेढ़ घंटे तक प्रभावित रहीं। दरअसल विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन पर एक यात्री के ट्रैक पर आने के कारण ऐसा हुआ। यह घटना ऑफिस जाने के पीक ऑवर के समय हुई, जिसके कारण स्टेशनों पर भारी भीड़ जमा हो गई। ऐसे में यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ऑफिस टाइम के कारण प्लेटफॉर्म खचाखच भरा
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षा कारणों के चलते ट्रेनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया। जिसके चलते इस कॉरिडोर पर स्थित कई स्टेशनों पर ट्रेनों के इंतजार का समय बढ़ गया और प्लेटफॉर्म पर लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। लोग स्टेशन पर लंबे समय तक ट्रेन का इंतजार करते रहे, लेकिन जब ट्रेन आई भी अत्यधिक भीड़ के कारण उसमें चढ़ना मुश्किल हो गया।
यात्रियों ने जताई नाराजगी
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, यात्रियों ने इस स्थिति पर नाराजगी भी जताई। एक यात्री ने बताया कि ऑफिस टाइम में इस तरह की परेशानी होने से लोगों को बहुत दिक्कत होती है। उन्होंने बताया कि प्लेटफॉर्म पर भीड़ होने के साथ ही आने वाली ट्रेनें भी खचाखच भरी हुई आ रही थी, ऐसे में ट्रेन में चढ़ पाना भी बहुत मुश्किल काम था। वहीं, दूसरे यात्रियों ने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि सेवाएं कब तक सामान्य होगी, जिससे कई लोगों के ऑफिस पहुंचने में देरी हो गई।
डेढ़ घंटे बाद सामान्य रूप से चलने लगी मेट्रो
DMRC के अनुसार, सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों की गति धीमी कर दी गई थी और कुछ समय के लिए सेवाओं को आंशिक रूप से रोका गया था। हालांकि, करीब डेढ़ घंटे बाद स्थिति सामान्य कर दी गई और मेट्रो सेवाएं फिर से सुचारू रूप से चलने लगीं।
(इनपुट - पीटीआई)
