Delhi News: दिल्ली मेट्रो में यात्रियों की सुरक्षा के मोर्चे पर दिल्ली पुलिस की मेट्रो यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। कश्मीरी गेट मेट्रो थाना पुलिस ने स्पेशल स्टाफ के साथ मिलकर जेवरों से भरे चोरी हुए बैग के मामले का पूरी तरह खुलासा करते हुए शत-प्रतिशत बरामदगी की है। बरामद किए गए आभूषणों की अनुमानित कीमत लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, इस मामले में 22 जनवरी 2026 को कश्मीरी गेट मेट्रो थाने में एफआईआर संख्या 04/2026 दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया था कि चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर यात्रा के दौरान एक अज्ञात महिला ने एक यात्री का जेवरों से भरा बैग चोरी कर लिया था।
सीसीटीवी फुटेज से क्या पता लगा?
जांच के दौरान पुलिस टीम ने चांदनी चौक मेट्रो स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। फुटेज में एक महिला गुलाबी रंग की जैकेट और काली पैंट पहने हुए नजर आई, जो जेवरों से भरा बैग लेकर मेट्रो ट्रेन में चढ़ती हुई दिखाई दी। इसके बाद बाराखंबा मेट्रो स्टेशन के अंदर लगे कैमरों की भी पड़ताल की गई, जिससे पता चला कि वह महिला नोएडा सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन तक गई थी और वहां गेट नंबर-2 से स्टेशन से बाहर निकल गई।
हिरासत में आरोपी युवती
तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस की मदद से पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लिया। उसकी पहचान हिना के रूप में हुई है, जिसकी उम्र करीब 18 वर्ष है और वह बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह अपने परिवार के साथ चांदनी चौक बाजार में अपने कजिन की शादी की खरीदारी के लिए गई थी। आरोप के अनुसार, मेट्रो स्टेशन पर बैगेज स्कैनिंग के समय उसने गलती से शिकायतकर्ता का बैग भी अपने सामान के साथ उठा लिया और बाद में घर चली गई। हालांकि पूछताछ के दौरान वह इस बात का संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी कि बैग मिलने के बाद उसने इसकी जानकारी पुलिस को क्यों नहीं दी।
