शहर

रक्षाबंधन पर भीड़ से मिलेगी राहत, दिल्ली-मेरठ रूट पर बढ़ाई गई नमो भारत ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी; चलेंगे 47 अतिरिक्त फेरे

रक्षाबंधन 2026: अवसर पर दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर नमो भारत ट्रेनें 47 अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। 27 और 28 अगस्त को हर 8 मिनट में ट्रेन उपलब्ध रहेगी, जिससे यात्रियों और खासकर महिलाओं को सुगम सफर मिलेगा।

Image

दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलेंगी 47 अतिरिक्त 'नमो भारत' ट्रेनें (चित्र साभार: NCRTC)

रक्षाबंधन 2026: के त्योहार पर यात्रियों और श्रद्धालुओं की आरामदायक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) ने बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर त्योहार के दौरान बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए 27 और 28 अगस्त 2026 को 47 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन ट्रिप चलाई जाएंगी।

हर 8 मिनट पर उपलब्ध होगी नमो भारत ट्रेन

अतिरिक्त फेरों के संचालन से दोनों दिन नमो भारत ट्रेनों की फ्रीक्वेंसी काफी बेहतर हो जाएगी। यात्रियों को अब हर 8 मिनट के अंतराल पर दोनों दिशाओं में ट्रेन सेवा उपलब्ध होगी। ये सभी अतिरिक्त ट्रेनें सराय काले खां से लेकर मोदीपुरम तक के पूरे कॉरिडोर पर चलाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को त्योहार के समय बार-बार इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

महिलाओं और परिवारों को मिलेगी बड़ी राहत

NCRTC की यह पहल विशेष रूप से उन महिलाओं के लिए बेहद सुविधाजनक साबित होगी, जो अपने भाइयों को राखी बांधने के लिए यात्रा कर रही हैं। साथ ही बुजुर्गों, बच्चों और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले परिवारों को भी भीड़भाड़ से मुक्ति मिलेगी और उनका सफर अधिक सुरक्षित व आरामदायक रहेगा। 28 अगस्त को शुक्रवार होने के कारण कई लोग वीकेंड का फायदा उठाकर अपने परिवारों से मिलने और यात्रा की योजना बना रहे हैं।

सड़क पर जाम से मुक्ति का बेहतरीन विकल्प

त्योहारों के मौसम में दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच सड़कों पर अक्सर भारी ट्रैफिक जाम देखने को मिलता है। ऐसे समय में तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद 'नमो भारत' ट्रेन सेवा सड़क यातायात के मुकाबले एक बेहतरीन विकल्प बनकर उभरी है। NCRTC के अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान यात्री भीड़ की लगातार निगरानी की जाएगी और यदि आवश्यकता पड़ी, तो यात्रियों की सुविधा के लिए सेवाओं में और अधिक बढ़ोतरी की जा सकती है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!