दिल्ली में आज का मौसम (7 Mar 2026): मार्च के पहले हफ्ते में ही राजधानी की गर्मी ने पिछले कई सालों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। शुक्रवार, 6 मार्च इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा, जब पारा सामान्य से सात डिग्री ऊपर जा पहुंचा। आलम यह है कि जो तापमान मार्च के अंत में होना चाहिए था, उसने महीने की शुरुआत में ही दस्तक दे दी है।
मार्च में 'मई' जैसी तपिश
राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम के पिछले 30 साल के आंकड़ों (पेंटाड नॉर्मल) के लिहाज से देखें तो मार्च के पहले पांच दिनों में औसत तापमान आमतौर पर 27 डिग्री के आसपास रहता है, लेकिन इस साल यह 34 डिग्री के पार है। यह स्थिति पिछले साल के मुकाबले काफी अलग है। 2025 में यह आंकड़ा मार्च के दूसरे हफ्ते में आया था, जबकि 2024 में तो महीने के अंत तक लोग इतनी गर्मी का इंतजार कर रहे थे। विशेषज्ञों की मानें तो मार्च 2026 पिछले दो दशकों का सबसे गर्म महीना साबित हो सकता है।
सिर्फ दिन ही नहीं, रातें भी हुई गर्म
गर्मी का असर केवल दोपहर तक सीमित नहीं है, बल्कि रात के तापमान में भी भारी उछाल देखा गया है। सफदरजंग और लोधी रोड जैसे इलाकों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 से 4 डिग्री अधिक यानी करीब 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। इसका मतलब है कि सुबह और शाम के समय रहने वाली हल्की ठंडक अब पूरी तरह खत्म हो गई है और लोगों ने पंखे चलाने शुरू कर दिए हैं।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस का नहीं होगा असर
पहाड़ों पर एक के बाद एक दो 'पश्चिमी विक्षोभ' (Western Disturbance) सक्रिय हो रहे हैं, लेकिन दिल्ली और पंजाब जैसे मैदानी राज्यों को इनसे कोई खास राहत मिलने वाली नहीं है। इन मौसम प्रणालियों का असर केवल हिमालयी क्षेत्रों तक ही सीमित रहेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्री-मानसून की पहली हलचल मार्च के तीसरे सप्ताह से पहले नहीं होगी। तब तक राजधानी में तेज धूप और शुष्क हवाओं का दौर जारी रहेगा।
अगले 10 दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले 10 दिनों तक आसमान साफ रहेगा और तेज धूप खिली रहेगी। हवाओं की रफ्तार बढ़ने से मौसम और अधिक शुष्क होगा। चिंता की बात यह है कि मार्च के आखिरी दिनों तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के जादुई आंकड़े को भी छू सकता है। इतिहास में ऐसा केवल एक बार 30 मार्च 2021 को हुआ है। यदि यह रुझान जारी रहा, तो मार्च 2026 गर्मी के नए रिकॉर्ड बना सकता है।
