दिल्ली में आज का मौसम (28 Jan 2026): दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश हुई। साथ ही कई जगहों पर ओले भी गिरे। बारिश और तेज हवाओं के बाद ठंडक फिर से बढ़ गई है। आईएमडी के अनुसार एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के चलते दिल्ली के मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। 30 जनवरी एक और पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिमी भारत में एक्टिव होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से दिल्ली में 1 और 2 फरवरी को बारिश होने के आसार हैं। आइए जानते हैं कि आज दिल्ली का मौसम कैसा रहने वाला है:
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय हल्का कोहरा भी कहीं-कहीं छाए रहने का अनुमान है। इस दौरान अधिकतम तापमान 18 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। दिल्ली में जनवरी माह के आखिरी तीन दिन बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान न्यूनतम तापमान में भी 4-6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। साथ ही सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरा देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में फिर से होगी बारिश
दिल्ली में 1 फरवरी को फिर से बारिश के आसार जताए जा रहे हैं। इस दौरान बादल गरजने और बिजली चमकने की भी संभावना है। जिसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है। साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी दी गई है। इस दौरान दिल्ली में अधिकतम तापमान19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं।
दिल्ली में दिनभर हुई बारिश
दिल्ली में मंगलवार को सुबह के समय कई हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सुबह 8:30 बजे से 11:30 बजे के बीच पालम में 3.4 मिलीमीटर मिमी, रिज में 3.0 मिमी और पीतमपुरा में 2.0 मिमी बारिश दर्ज की गई। कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश भी दर्ज की गई। जिनमें नरेला, बवाना, अलीपुर, कंझावाला, रोहिणी, मुंडका और जाफरपुर जैसे इलाके शामिल रहे। साथ ही तेज हवाएं भी चलती रहीं। दिल्ली में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री सेल्सियस रहा।
