शहर

दिल्ली का मौसम (26 May 2026) Delhi Weather Today: गर्मी ने किया बेचैन, दिल्ली में 14 साल की सबसे गर्म रात; लू का प्रकोप आज भी जारी

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 26 May 2026: दिल्ली में भीषण गर्मी और लू का दौर जारी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री और न्यूनतम 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह मई में 14 साल की सबसे गर्म रात रही। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी लू का येलो अलर्ट जारी किया है।

Image

दिल्ली में हीटवेव का असर, रात में भी नहीं मिली राहत

दिल्ली में आज का मौसम (26 May 2026): दिल्ली-NCR के लोगों को गर्मी ने बेहाल कर दिया है। राजधानी में सोमवार को 14 साल मे सबसे गर्म रात दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जबकि दिन का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। रात में भी गर्म हवाओं और उमस से राहत नहीं मिल रही है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है, हालांकि इस बीच आंधी और हल्की बारिश के भी आसार जताए गए हैं।

दिल्ली में 26 मई को कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली में मंगलवार को लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही वॉर्म नाइट को लेकर चेतावनी जारी की गई है। राजधानी में आज मौसम साफ रहेगा। दिन में चिलचिलाती धूप निकली रहेगी और गर्म हवाओं के थपेड़े भी लोगों को झेलने पड़ेंगे। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 20 से 30 किमी प्रति घंटे के आसपास बनी रह सकती है। बीच-बीच में हवा की गति 40 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती है। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।

दिल्ली में सोमवार को सीजन की सबसे गर्म रात

दिल्ली में सोमवार को भी भीषण गर्मी रही और दिनभर लू चलती रही। इस दौरान अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5.7 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने बताया कि मई माह में दर्ज किया गया यह अब तक का सबसे अधिक न्यूनतम तापमान या सबसे गर्म रात का रिकॉर्ड है, जो 26 मई, 2012 के बाद दर्ज किया गया है, तब तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस था। IMD के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी में इस महीने की शुरुआत में भी ऐसी ही स्थिति देखी गई थी, जबकि 21 मई को न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

दिल्ली में कहां-कितना रहा तापमान

आईएमडी के अनुसार, पालम में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री अधिक है, लोदी रोड में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 4.2 डिग्री अधिक है। वहीं, रिज में यह 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 2.1 डिग्री अधिक है और आयानगर में यह 44 डिग्री सेल्सियस बना रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है। पालम में न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.4 डिग्री अधिक है; लोधी रोड में 30 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है, रिज में 30.6 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 4.4 डिग्री अधिक है; और आयानगर में न्यूनतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस, जो सामान्य से 5.3 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

आईएमडी के एक अधिकारी ने कहा, "सफदरजंग, लोदी रोड और आयानगर में रात काफी गर्म रही।" आईएमडी के अनुसार, गर्म रात तब घोषित की जाती है जब अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक रहता है और न्यूनतम तापमान में सामान्य से 4.5 डिग्री सेल्सियस से लेकर 6.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी होती है।

स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने कहा, "मौसम संबंधी गड़बड़ी आज से इस क्षेत्र से दूर चली जाएगी और कल से मौसम साफ होने की उम्मीद है। इसके परिणामस्वरूप, अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है।" उन्होंने कहा, "कल से 28 मई तक दिन का तापमान काफी अधिक रहने की संभावना है। इसके बाद, मध्य पाकिस्तान और उससे सटे पंजाब और हरियाणा के ऊपर एक और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मानसून से पहले की बारिश फिर से शुरू हो सकती है।"

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article