शहर

दिल्ली का मौसम (13 Jan 2026) Delhi Weather Today: दिल्ली हुई बेहद सर्द, Cold Wave का ऑरेंज अलर्ट जारी, पारा 3 डिग्री तक लुढ़का

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 13 Jan 2026: दिल्ली-NCR में कड़ाके की ठंड ने लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर दिया है। राजधानी में न्यूनतम तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि सुबह के समय शीतलहर का असर साफ तौर पर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और आने वाले दिनों में भी ठंड से सतर्क रहने की सलाह दी है। आइए जानते हैं आज के दिल्ली के मौसम का हाल।

Image

दिल्ली में आज दिन भर चलेगी शीतलहर, ऑरेंज अलर्ट जारी

Photo : Times Now Digital

दिल्ली में आज का मौसम (13 Jan 2026): दिल्ली-NCR में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। राजधानी और आसपास के इलाकों में तड़के तापमान गिरकर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवाओं और शीतलहर के चलते सुबह के समय घना कोहरा छाया हुआ है। हालात को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

दिन में धूप लेकिन राहत सीमित

दिल्ली में सुबह के समय विजिबिलिटी बेहद कम बनी रहती है। हालांकि 9 बजे के बाद कोहरा धीरे-धीरे छंट जाता है और धूप निकलती है, लेकिन ठंडी हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रहती है। दिन में धूप से कुछ राहत जरूर मिल रही है, मगर रात का तापमान लगातार गिरता जा रहा है। पिछले दो दिनों से दिल्ली-NCR में करीब 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सर्द हवाएं चल रही हैं। इन्हीं हवाओं के चलते रातें ज्यादा सर्द हो गई हैं। मौसम विभाग का कहना है कि रात और तड़के शीतलहर का असर ज्यादा महसूस किया जा रहा है, जबकि दिन में मौसम कुछ साफ रहेगा।

ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी

IMD (मौसम विभाग) ने मंगलवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए शीतलहर की चेतावनी दी है। वहीं 14 जनवरी के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री और अधिकतम तापमान 19 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। उत्तर और दक्षिण दिल्ली, मध्य दिल्ली, शाहदरा, पश्चिमी और उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के साथ-साथ गुरुग्राम, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के कुछ हिस्सों में शीतलहर की स्थिति बन सकती है। सुबह के वक्त यहां हल्के से घने कोहरे तक की स्थिति रहने की संभावना जताई गई है।

शीतलहर क्या होती है (What is Cold Wave in Hindi)

कोल्ड वेव या शीतलहर उस स्थिति को कहा जाता है जब मैदानी इलाकों में किसी स्थान का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस या उससे कम और पहाड़ी क्षेत्रों में 0 डिग्री सेल्सियस या उससे कम दर्ज किया जाता है। वहीं, जब सामान्य तापमान से अंतर -6.4 डिग्री सेल्सियस या उससे कम हो जाता है, तो उसे सीवियर कोल्ड वेव या गंभीर शीतलहर माना जाता है।

दो-तीन दिन बाद मिल सकती है राहत

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 15 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की संभावना है। इसके असर से 2-3 दिन बाद दिल्ली-NCR में तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और सर्दी से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। ठंड के बीच राजधानी में प्रदूषण भी चिंता का विषय बना हुआ है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार आज सुबह दिल्ली का औसत AQI 328 दर्ज किया गया है, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article