दिल्ली में आज का मौसम (12 March 2026): दिल्ली-एनसीआर में जल्द ही मौसम करवट बदलने वाला है। तेज गर्मी और तीखी धूप से झुलस रहे लोगों को बारिश की राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने दो दिन बाद दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना जताई है। फिलहाल राजधानी में अधिकतम तापमान 37 डिग्री के करीब पहुंच गया है। सूरज की तपिश भी लगातार बढ़ती जा रही है। मार्च के दूसरे सप्ताह में ही धूप की तल्खी इतनी बढ़ गई है, कि दोपहर में बाहर जानें पर अप्रैल-जून वाली तपिश महसूस हो रही है। शाम तक धूप की तल्खी में कोई कमी
दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा
मौसम विभाग के अनुसार आज दिल्ली-NCR में मौसम साफ रहने की संभावना है। सुबह से ही धूप खिली रहेगी, जो दिन चढ़ने के साथ ही चुभनभरी हो जाएगी। जिसके कारण दिनभर तेज गर्मी का एहसास बना रहेगा। दिल्ली में आज अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। 13 मार्च को भी दिल्ली में मौसम साफ बना रहेगा। दिन में तेज धूप और गर्मी का आलम भी बरकरार रहेगा। हालांकि तापमान में 1-2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज होने की संभावना है।
दिल्ली में कब होगी बारिश
14 मार्च से दिल्ली-एनसीआर के मौसम में बदलाव आने की संभावना है। नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राजधानी में बादलों की आवाजाही देखने को मिल सकती है। जिसके बाद 15 मार्च को छिटपुट बारिश की संभावना जताई जा रही है। दिनभर बादल छाए रहने का अनुमान है। साथ ही तेज हवाएं चलने का भी अनुमान है। हालांकि मौसम विभाग की ओर से कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। बारिश के कारण तापमान में कमी आने के आसार हैं। जिससे गर्मी से भी हल्की राहत मिल सकती है। दिल्ली में इस दिन अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।
