शहर

दिल्ली का मौसम (10 June 2026) Delhi Weather Today: दिल्ली में सीजन का सबसे बड़ा तूफान, 120 KMPH की रफ्तार से चली हवाएं, जानें आज का मौसम

दिल्ली का मौसम (दिल्ली में आज का मौसम कैसा रहेगा) 10 June 2026: दिल्ली में मंगलवार देर रात सीजन की सबसे तेज आंधी दर्ज की गई। इस दौरान पालम में हवाओं की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटा पहुंच गई। मौसम विभाग ने 11 और 12 जून के लिए आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Image

Delhi Weather

दिल्ली में आज का मौसम (10 June 2026): दिल्ली में बीती रात मौसम का रौद्र रूप देखने को मिला। देर रात को कई इलाकों भयंकर आंधी-तूफान चला। साथ ही झमाझम बारिश भी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार यह सीजन की सबसे तेज आंधी थी। इस दौरान पालम में रिकॉर्ड तोड़ तूफान चला, जहां हवाओं की रफ्तार 120 किमी प्रति घंटे दर्ज की गई। बताया जा रहा है कि पालम में 25 सालों के बाद इतनी तेज आंधी चली। वहीं मयूर में हवाओं की रफ्तार सबसे कम 13 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। धूल भरी आंधी के कारण जनजीवन भी प्रभावित हुआ। इस दौरान सड़कों पर धूल छाने से लोगों को अपने वाहन रोकने पड़े। फिलहाल इस आंधी-बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। लेकिन यह राहत ज्यादा देर नहीं बनी रहेगी।

दिल्ली में 10 जून को कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को दिल्ली में आंशिक तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। दोपहर बाद या शाम में गर्जन वाले बादल बनने के आसार हैं। हालांकि बारिश को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। आज दिल्ली में अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है।

दिल्ली में मौसम का उलटफेर जारी

दिल्ली में मंगलवार को मौसम में बड़ा उलटफेर देखने को मिला। सुबह से ही तेज धूप के कारण गर्मी बनी रही। दिनभर लोगों को उमसभरी गर्मी ने परेशान किया। साथ ही तपिश का आलम दिन ढलने के बाद भी बना रहा। लेकिन देर शाम अचानक मौसम बदल गया और तेज हवाएं चलने लगी। बताया जा रहा है कि देर रात तक इन हवाओं ने धूल आंधी का रूप ले लिया और जोरदार बारिश भी होने लगी। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को जून का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। इस दौरान अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह सामान्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस अधिक था।

पालम में आंधी का रिकॉर्ड

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि दिल्ली के पालम क्षेत्र में अतीत में बेहद तेज आंधियां दर्ज की जा चुकी हैं। आंकड़ों के अनुसार, पालम में अब तक की सबसे तेज हवा 25 मई 1991 को 147 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दर्ज की गई थी। इसके बाद 2 मई 1989 को 145 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली थी। ये दोनों घटनाएं दिल्ली के मौसम इतिहास में सबसे शक्तिशाली आंधियों में शामिल हैं।

Delhi strong wind.

Delhi strong wind.

दिल्ली में कल से बदलेगा मौसम

दिल्ली में 24 घंटे बाद मौसम में बड़ा बदलाव आ सकता है। गुरुवार और शुक्रवार के लिए मौसम विभाग ने तेज आंधी और बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। 11 जून को ऑरेंज अलर्ट है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है। साथ ही गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है। वहीं 12 जून को भी ऐसा ही मौसम रहने का पूर्वानुमान है। हालांकि तापमान में बड़ी गिरावट देखने को मिल सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रह सकता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article