शहर

Delhi Weather: दिल्ली ने चेरापूंजी को भी पछाड़ा! सामान्य से 991% ज्यादा बरसे बादल; आज पूरे NCR में आंधी-पानी का 'येलो अलर्ट'

दिल्ली का मौसम (Delhi Weather Today): दिल्ली-NCR में मानसून जमकर बरस रहा है। बीते दिन दिल्ली में सामान्य से 991% अधिक बारिश दर्ज की गई है, जिसने चेरापूंजी को भी पीछे छोड़ दिया। मौसम विभाग ने आज (10 जुलाई) के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

Image

आज भी दिल्ली में येलो अलर्ट

Photo : PTI

Delhi Weather Today 10 July 2026: दिल्ली में कल मानसून की बारिश ने इतिहास रच दिया है। बुधवार से लेकर गुरुवार सुबह साढ़े 8 बजे तक के बारिश के आंकड़ों की बात करें तो दिल्ली ने चेरापूंजी को भी पछाड़ दिया है। मौसम विभाग (IMD) के आंकड़ों के अनुसार, बुधवार सुबह से गुरुवार सुबह तक दिल्ली में 58.9 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य वर्षा 5.4 मिमी होती है। इस प्रकार दिल्ली में सामान्य से 991 फीसद अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं, मेघालय के ईस्ट खासी हिल्स जिले में, जहां चेरापूंजी पड़ता है, वहां इस अवधि में 71.1 मिमी बारिश हुई, जबकि सामान्य वर्षा 56.5 मिमी है। जो केवल 26 प्रतिशत अधिक है। इस भारी बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से तो बड़ी राहत मिली है, लेकिन सड़कों पर जलभराव और ट्रैफिक जाम ने प्रशासन के दावों की पोल खोल दी है।

आज भी छाए रहेंगे बादल, IMD का 'येलो अलर्ट' जारी

शुक्रवार सुबह से ही दिल्ली- NCR के आसमान में घने बादलों ने डेरा डाल रखा है और धूप नजर नहीं आ रही है। हवा में नमी का स्तर 95 फीसदी तक पहुंच चुका है, जो भारी बारिश के लिए बिल्कुल अनुकूल स्थिति है। मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए दिल्ली में येलो अलर्ट जारी किया है। वीकेंड की शुरुआत भारी आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश के साथ होने का अनुमान है।

यूपी और हरियाणा के इन शहरों में भी अलर्ट

सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा के कई पड़ोसी जिलों में आज आंधी, तूफान और पानी का संगम देखने को मिलेगा। आईएमडी के अनुसार, हरियाणा के यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, गन्नौर और उत्तर प्रदेश के सहारनपुर, गंगोह, देवबंद, शामली, मुजफ्फरनगर, कंधला, बिजनौर, खतौली, मेरठ, हापुड़, संभल, नरौरा, अतरौली और कासगंज जैसे इलाकों में बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की पूरी संभावना है।

मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। भारी बारिश और आंधी के दौरान अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। जलभराव वाले रास्तों, जर्जर दीवारों और पेड़ों के नीचे खड़े न हों। दुघर्टना से बचने के लिए यातायात नियमों का पालन करें और घर से निकलते समय छाता साथ रखना न भूलें।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!