शहर

Independence Day 2026 Delhi Security Alert: स्वतंत्रता दिवस को लेकर दिल्ली में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस की नजर; संवेदनशील इलाकों में बढ़ी गश्त

Independence Day 2026 Delhi Security Alert: स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। साउथ जोन में 1,600 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रमुख स्थानों पर वाहनों और पार्किंग की जांच हो रही है।

Image

15 अगस्त से पहले दिल्ली में कड़ी सुरक्षा, 1600 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात (सांकेतिक फोटो)

Independence Day 2026 Delhi Security Alert: दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। दिल्ली पुलिस ने राजधानी के अलग-अलग इलाकों में गश्त, वाहन चेकिंग और निगरानी बढ़ा दी है। संवेदनशील इलाकों के साथ-साथ प्रमुख प्रवेश और निकास मार्गों पर अतिरिक्त पिकेट (छोटी पुलिस चौकी) और चेकिंग पॉइंट भी बनाए गए हैं।

दक्षिणी दिल्ली में 60 से ज्यादा पिकेट

दक्षिणी रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त विजय कुमार के मुताबिक, साउथ जोन में 1,600 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। जिसमें महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। इलाके में सीमा चौकी, मुख्य चौकी और छोटी चौकी सहित लगभग 60 चौकियां स्थापित की गई हैं। प्रमुख चौकियों पर इंटीग्रेटेड चेकिंग की जा रही है, जिसमें ट्रैफिक पुलिस, PCR और स्थानीय पुलिस की टीमें मिलकर काम कर रही हैं। पुलिस वाहनों और पार्किंग क्षेत्रों की भी जांच कर रही है।

संदिग्ध लोगों और वाहनों पर नजर

DCP साउथ अनंत मित्तल ने बताया कि सभी रैंक के पुलिस अधिकारी और जवान गश्त पर तैनात हैं। अलग-अलग स्थानों पर पिकेट लगाकर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की पहचान करने के लिए चेकिंग की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों और संदिग्ध तत्वों पर खासतौर पर नजर रखी जा रही है।

ड्रोन से भी इलाकों की निगरानी

दिल्ली के कई इलाकों में ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। खासतौर पर उन इलाकों पर हवाई नजर रखी जा रही है, जहां स्वतंत्रता दिवस के आसपास भीड़ या लोगों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है। पूर्वी दिल्ली में भी पुलिसकर्मियों को सड़कों पर तैनात किया गया है और लगातार जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

मल्टी-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम लागू

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में मल्टी-लेयर सिक्योरिटी सिस्टम लागू किया गया है। स्थानीय पुलिस, ट्रैफिक पुलिस और अन्य सुरक्षा टीमें संवेदनशील इलाकों और चेकिंग पॉइंट पर मिलकर काम कर रही हैं। 15 अगस्त तक दिल्ली में गश्त और चेकिंग अभियान जारी रहेगा। पुलिस का फोकस संदिग्ध गतिविधियों की समय रहते पहचान करने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने पर है, ताकि स्वतंत्रता दिवस समारोह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article