शहर

दिल्ली में बेघर लोगों के लिए शुरू हुआ बड़ा रेस्क्यू अभियान, जरूरतमंदों तक पहुंचेगी मदद

दिल्ली सरकार ने बेघर और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए पांच दिवसीय बचाव अभियान की शुरुआत की है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज बचाव वैन को रवाना किया। जिससे बेसहारा लोगों को आश्रय गृहों में लाया जाएगा, जहां रखकर उन्हें इलाज, देखभाल और पुनर्वास की सुविधा दी जाएगी।

Image

सीएम रेखा गुप्ता ने रवाना की रेस्क्यू वैन

Delhi News: दिल्ली सरकार ने बेघर और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए एक खास अभियान शुरू किया है। सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस अभियान के तहत रेस्क्यू वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वैन के जरिए सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक जगहों पर रहने वाले बेघर लोगों को सुरक्षित आश्रय गृहों तक पहुंचाया जाएगा।

5 दिनों तक चलेगा अभियान

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि यह विशेष अभियान पांच दिनों तक जारी रहेगा। इस दौरान बेघर लोगों को ‘अपना घर आश्रम’ संगठन द्वारा चलाए जा रहे आश्रय गृहों में ले जाया जाएगा। जहां उनके रहने, खाने और इलाज की उचित व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि पांच दिनों के बाद इस अभियान के नतीजों की समीक्षा की जाएगी, जिसके आधार पर जरूरत के हिसाब से रेस्क्यू वैन की संख्या बढ़ाई जाएगी।

आश्रय घरों में लोगों को मिलेंगी ये सुविधाएं

यह अभियान दिल्ली सरकार के समाज कल्याण विभाग, अपना घर आश्रम और सेवा भारती दिल्ली प्रांत द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया जा रहा है। समाज कल्याण मंत्री रविंदर इंद्रराज सिंह ने बताया कि जरूरतमंद, असहाय और बेसहारा लोगों के लिए 11 से 15 मई तक यह अभियान दिल्ली के सभी 13 जिलों में चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कई लोग मजबूरी में सड़कों पर रहने को मजबूर हैं। सरकार का मकसद ऐसे लोगों को बचाना और उन्हें आश्रय गृहों में लाना है। आश्रय गृहों में ऐसे लोगों की देखभाल के साथ-साथ इलाज और पुनर्वास की सुविधा भी दी जाएगी।

सरकार ने इस अभियान के लिए पूरे दिल्ली में 19 रेस्क्यू वाहन तैनात किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस दौरान 300 से अधिक जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। दिल्ली सरकार ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें कोई बेसहारा शख्स दिखाई दे तो उसकी जानकारी संबंधित टीम को दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article