शहर

साउथ दिल्लीवालों के लिए खुशखबरी! एमबी रोड पर 6-लेन एलिवेटेड रोड को मंजूरी, जाम से मिलेगी मुक्ति

दिल्ली सरकार ने दक्षिण दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा परियोजना को मंजूरी दी है, जिसका उद्देश्य लंबित ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान करना है। इस योजना के तहत एमबी रोड पर साकेत से प्रह्लादपुर तक 6-लेन की एकीकृत एलिवेटेड सड़क और दो अंडरपास का निर्माण किया जाएगा। परियोजना से आवागमन सुगम होगा और यात्रियों का समय भी काफी बचेगा।

Image

साउथ दिल्लीवालों को अब मिलेगा जाम से छुटकारा

Delhi News: दिल्ली सरकार की वित्तीय समिति ने दक्षिण दिल्ली में एक अहम बुनियादी ढांचा परियोजना को हरी झंडी दे दी है। इस योजना के तहत, एमबी रोड पर साकेत के जी-ब्लॉक से लेकर प्रह्लादपुर तक 6-लेन की एकीकृत एलिवेटेड सड़क बनाई जाएगी, साथ ही दो अंडरपास का निर्माण भी किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से दक्षिण दिल्ली में लंबे समय से परेशान कर रही ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान होगा। साथ ही, यह आवागमन के समय को भी काफी कम करेगी और यातायात के दबाव को कम करने में मदद करेगी। योजना को दिसंबर 2027 तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है और इसके लिए लगभग 1471.14 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।

दिल्ली सचिवालय में मंगलवार को हुई वित्त व्यय समिति की बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने की। बैठक में परियोजना की तकनीकी, वित्तीय और संरचनात्मक रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा के बाद इसे मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि यह परियोजना दक्षिण दिल्ली के यातायात नेटवर्क को अधिक संगठित और सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। लगभग पांच किलोमीटर लंबी इस परियोजना को दो हिस्सों में विकसित किया जाएगा। पहला हिस्सा साकेत के जी ब्लॉक से संगम विहार तक एलिवेटेड रोड के रूप में बनेगा, जिसकी लंबाई 2.42 किलोमीटर होगी। दूसरा हिस्सा मां आनंदमाई मार्ग से पुल प्रह्लादपुर तक बनाया जाएगा, जिसकी लंबाई लगभग 2.48 किलोमीटर होगी।

DMRC की करेगी परियोजना का कार्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस परियोजना का कार्य दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) द्वारा किया जाएगा। इसे डीएमआरसी कॉरिडोर के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिससे सड़क और मेट्रो दोनों बुनियादी ढांचों के बीच बेहतर तालमेल सुनिश्चित किया जा सके। इस एकीकृत ढांचे के तहत एक डबल डेकर सिस्टम वाला 6-लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर तैयार किया जाएगा, जिसमें ऊपर मेट्रो का मार्ग होगा और उसके नीचे एलिवेटेड सड़क कॉरिडोर बनाया जाएगा।

घनी आबादी वाले इलाकों में यातायात की गति दोगुनी

इस परियोजना के अंतर्गत दो अंडरपास बनाए जाएंगे, जो साकेत-जी ब्लॉक और बीआरटी कॉरिडोर पर स्थित होंगे। इस डिजाइन से सीमित जगह में अधिक यातायात क्षमता सुनिश्चित होगी और साकेत जी-ब्लॉक, आंबेडकर नगर, खानपुर तथा संगम विहार जैसे घनी आबादी वाले इलाकों में यातायात की गति दोगुनी हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि दिल्ली सरकार ने संगम विहार से मां आनंदमाई मार्ग तक लगभग ढाई किलोमीटर लंबे छह-लेन एलिवेटेड रोड के निर्माण को भी मंजूरी दे दी है। इस प्रस्ताव को अब केंद्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय को भेजा जा रहा है, क्योंकि यह प्रस्तावित क्षेत्र तुगलकाबाद किले के अधीन आता है।

दिल्ली के यातायात ढांचे में बड़े सुधार

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि इस परियोजना में निवेश से दक्षिण दिल्ली के यातायात ढांचे में बड़े सुधार आएगा। इससे एमबी रोड पर लंबे समय से लगने वाले ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा, वाहनों की औसत गति बढ़ेगी और लाखों यात्रियों का समय बचेगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि यह सरकार की कोशिश है कि राजधानी में आधुनिक, सुगम और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराया जा सके, और यह परियोजना उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

(इनपुट - आईएएनएस)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article