शहर

Kalindi Kunj News: दिल्ली में आपसी रंजिश में फायरिंग, ढोलवाला दफ्तर के अंदर चली गोलियां, साजिशकर्ता गिरफ्तार

Kalindi Kunj Delhi News: दिल्ली के कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र के मदनपुर खादर स्थित जेजे कॉलोनी में आपसी रंजिश के चलते दो राउंड फायरिंग हुई। घटना में एक युवक घायल हो गया, जबकि पुलिस ने साजिशकर्ता भूपेंद्र उर्फ गुड़िया को गिरफ्तार कर लिया है।

Image

मदनपुर खादर इलाके में ताबड़तोड़ फायरिंग (सांकेतिक चित्र)

Photo : ANI

Kalindi Kunj Delhi News: राजधानी दिल्ली के कालिंदी कुंज थाना क्षेत्र अंतर्गत मदनपुर खादर की जेजे कॉलोनी स्थित 'बबलू डेरी' के पास 3 सितंबर को आपसी रंजिश के चलते दिनदहाड़े फायरिंग की सनसनीखेज घटना सामने आई है। ढोलवाला दफ्तर के भीतर हुई दो राउंड की गोलीबारी में रोहित नाम का एक युवक घायल हो गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की और आपराधिक साजिश में शामिल मुख्य आरोपी भूपेंद्र उर्फ गुड़िया उर्फ ढोलवाला को गिरफ्तार कर लिया है।

दो राउंड चली गोलियां, एक घायल

पुलिस के अनुसार, 3 सितंबर को जेजे कॉलोनी स्थित ढोलवाला दफ्तर के अंदर गोली चलने की पीसीआर (PCR) कॉल मिली थी। सूचना मिलते ही कालिंदी कुंज थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में पुलिस को घटनास्थल पर 25 वर्षीय तरुण उर्फ रंजन और 23 वर्षीय रोहित मिले। पूछताछ में पता चला कि दफ्तर के अंदर दो राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसमें से एक गोली रोहित की उंगली में लगी, जिससे वह घायल हो गया।

बिरयानी दुकानदार ने की चश्मदीद गवाही

जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इस दौरान पास ही बिरयानी की दुकान चलाने वाले महबूब खान नाम के एक स्वतंत्र गवाह ने घटना की पुष्टि की। महबूब खान ने पुलिस को बताया कि उसने मौके पर आरोपियों की मौजूदगी देखी थी। घटना से ठीक पहले आरोपियों के बीच तीखी बहस और कहासुनी हुई थी, जिसके तुरंत बाद गोलियों की आवाज सुनाई दी। पुलिस की शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह वारदात गोविंदपुरी निवासी रोहित धोबी और दीपक के बीच पुरानी व्यक्तिगत रंजिश के तहत रची गई सोची-समझी साजिश का नतीजा थी।

1 गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

आपराधिक साजिश के पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(1) (आपराधिक साजिश) को शामिल कर लिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने घटना की साजिश में शामिल मुख्य आरोपी भूपेंद्र उर्फ गुड़िया उर्फ ढोलवाला को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं मामले में शामिल अन्य आरोपियों, मोनू, दीपक भगत और रवि उर्फ बाबा की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article