शहर

दिल्ली में सुबह-सुबह डोली धरती, 2.9 तीव्रता का आया भूकंप

दिल्ली में रविवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। राजधानी के नॉर्थ जिले में रिक्टर स्केल पर 2.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।

Image

दिल्ली में आया 2.9 तीव्रता का भूकंप (सांकेतिक फोटो)

Photo : iStock

Delhi Earthquake Today: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के उत्तरी जिले (North District) में रविवार तड़के भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 2.9 दर्ज की गई। जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 4:14 बजे राजधानी में भूकंप आया। हालांकि, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, भूकंप के झटके 2 अगस्त 2026 को सुबह 4:14:01 बजे महसूस किए गए। इसका केंद्र (एपिसेंटर) नॉर्थ दिल्ली में था। भूकंप की गहराई 8 किलोमीटर दर्ज की गई। एनसीएस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भूकंप की जानकारी साझा करते हुए इसकी पुष्टि की।

दिल्ली के अलावा असम और अरुणाचल प्रदेश में भी आज सुबह भूकंप के झटके महसूस हुए। NCS के अनुसार, रविवार सुबह 5:25 बजे असम के बारपेटा जिले में रिक्टर स्केल पर 2.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। इसकी गहराई 4 किलोमीटर रही।आज सुबह 5:38 बजे अरुणाचल प्रदेश के तवांग जिले में भी 2.8 तीव्रता का भूकंप आया। इसकी गहराई 5 किलोमीटर दर्ज की गई। फिलहाल दोनों राज्यों में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।

कम गहराई वाले भूकंप क्यों होते हैं खतरनाक?

अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, पृथ्वी की सतह से 0 से 700 किलोमीटर की गहराई तक आने वाले भूकंपों को तीन श्रेणियों में बांटा जाता है- शैलो (Shallow), मध्यम (Intermediate) और गहरे (Deep)। विशेषज्ञों के अनुसार, कम गहराई वाले यानी शैलो (Shallow) भूकंप की तीव्रता भले कम हो, लेकिन उनकी भूकंपीय तरंगें जमीन की सतह तक जल्दी पहुंचती हैं। इसी वजह से ऐसे भूकंप ज्यादा तेज झटके महसूस करा सकते हैं और अगर तीव्रता अधिक हो तो नुकसान की आशंका भी बढ़ जाती है। गौरतलब है कि दिल्ली सीस्मिक जोन-4 में स्थित है, जहां समय-समय पर हल्के और मध्यम तीव्रता के भूकंप आते रहते हैं।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article