शहर

सावधान दिल्लीवालो! नकली पनीर के बाद अब बाजार में 'नकली टूथपेस्ट'; फर्जी Sensodyne बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़

दिल्ली में नकली खाद्य पदार्थों और दवाओं के बाद अब लोगों की सेहत से जुड़ा एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बाहरी दिल्ली के कंझावला इलाके में छापेमारी कर नामी ब्रांड 'सेंसोडाइन' (Sensodyne) के नाम पर नकली टूथपेस्ट बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

Image

130 किलो माल बरामद (ANI)

Photo : ANI

Delhi News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले एक बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया है। कंझावला के एक गोदाम में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में नकली 'सेंसोडाइन' टूथपेस्ट तैयार कर उसे ब्रांडेड बताकर बाजार में बेचा जा रहा था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी हरिओम मिश्रा को गिरफ्तार किया है और मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल और मशीनें बरामद की हैं।

सीक्रेट इनपुट पर क्राइम ब्रांच का छापा

क्राइम ब्रांच (ईस्टर्न रेंज-1) को गुप्त सूचना मिली थी कि कंझावला के महावीर विहार स्थित एक गोदाम में नकली टूथपेस्ट का काला कारोबार चल रहा है। 2 अप्रैल को डीसीपी पंकज कुमार के निर्देश पर इंस्पेक्टर आशीष शर्मा की टीम ने कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि के साथ मिलकर गोदाम पर छापा मारा। मौके पर 6 श्रमिक घटिया पेस्ट को ट्यूब में भरने और पैक करने के काम में जुटे मिले। पूछताछ के बाद पुलिस ने रोहिणी सेक्टर-2 के रहने वाले मुख्य आरोपी हरिओम मिश्रा को उसके घर से दबोच लिया।

लोकल पेस्ट और ब्रांडेड ट्यूब का 'खतरनाक' खेल

जांच में पता चला कि आरोपी ने 7 महीने पहले यह गोदाम किराए पर लिया था। यहां बिना किसी लाइसेंस या सुरक्षा मानकों के, स्थानीय स्तर पर तैयार किया गया घटिया और अनहाइजीनिक पेस्ट (Raw Paste) इस्तेमाल किया जा रहा था। आरोपी इस पेस्ट को सेंसोडाइन के खाली ट्यूब में भरकर, सीलिंग मशीन से पैक करता था और असली बताकर मार्केट में सप्लाई करता था।

130 किलो नकली पेस्ट और मशीनें बरामद

पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान जब्त किया है, जिसमें 130 किलो तैयार नकली टूथपेस्ट, हजारों की संख्या में खाली और भरे हुए ट्यूब, कैप्स और प्रिंटेड कार्टन। ट्यूब फिलिंग मशीन, सीलिंग मशीन और हीटिंग गन और बड़ी मात्रा में पैकेजिंग मटेरियल और सुपर ग्लू शामिल हैं।

पूरे डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क की जांच शुरू

क्राइम ब्रांच ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह नकली टूथपेस्ट दिल्ली के किन-किन बाजारों में सप्लाई किया गया है। साथ ही, कच्चे माल और खाली ट्यूब की सप्लाई करने वाले नेटवर्क का भी पता लगाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के नकली उत्पादों के इस्तेमाल से दांतों और मसूड़ों को गंभीर नुकसान पहुँच सकता है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें