शहर

Greater Noida News: अब होगा आसान और तेज सफर, माल ढुलाई के लिए बनेगी अलग सड़क

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में माल और यात्री यातायात को अलग करने की योजना पर अमल किया जा रहा है। GNIDA ने गंगा एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी के लिए 105 मीटर चौड़ी सड़क और एयरपोर्ट तक एलिवेटेड रोड प्रस्तावित की है।

Image

ग्रेटर नोएडा में माल ढुलाई और यात्रियों के लिए होंगी अलग-अलग सड़कें

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण (GNIDA) ने ग्रेटर नोएडा में माल ढुलाई और पैसेंजर ट्रैफिक को अलग करने के लिए एक अहम प्रस्ताव दिया है। इसके साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे से संपर्क बेहतर बनाने के लिए हापुड़ बाईपास तक 105 मीटर चौड़ी सड़क बनाने का प्रस्ताव दिया गया है।

इस प्रस्ताव पर कल यानी सोमवार 8 सितंबर को लखनऊ में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में चर्चा की गई। मंत्री के कार्यालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, बैठक में औद्योगिक विकास के अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार भी मौजूद थे।

GNIDA अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस सड़क से नोएडा-ग्रेटर नोएडा और गंगा एक्सप्रेसवे के बीच की दूरी लगभग 30 से 45 मिनट में तय की जा सकेगी। बयान में कहा गया कि लगभग 15 किलोमीटर तक संपर्क मार्ग का विस्तार करने से ग्रेटर नोएडा को गंगा एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा।

प्राधिकरण ने 'मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब' (MMLH) से जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक छह लेन की एलिवेटेड सड़क बनाने का भी प्रस्ताव दिया है। बयान के मुताबिक, वैस्टर्न फ्रेट कॉरिडोर के समानांतर बनाई जाने वाली यह प्रस्तावित सड़क विशेष रूप से माल ढुलाई के लिए होगी और हवाई अड्डे से जुड़ेगी। इससे 'लॉजिस्टिक हब' से सामान सीधे हवाई माल टर्मिनल तक पहुंचाया जा सकेगा।

इसमें कहा गया कि MMLH और 'मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब' (MMTH) ग्रेटर नोएडा की प्रमुख परियोजनाओं में शामिल हैं। इनसे माल ढुलाई को सुगम बनाने तथा 'लॉजिस्टिक हब' और हवाई अड्डे के बीच ट्रैफिक मूवमेंट बेहतर होने की उम्मीद है।

बता दें कि ये प्रस्ताव माल ढुलाई और यात्री यातायात को अलग करने के लिए 'ग्रेटर नोएडा मास्टर प्लान 2041' में संशोधन करने की योजना का हिस्सा हैं। - भाषा

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article