शहर

मूसलाधार बारिश से दिल्ली एयरपोर्ट पानी-पानी, कई शहरों की उड़ानें प्रभावित; फ्लाइट ऑपरेशंस को लेकर एडवाइजरी जारी

दिल्ली में तेज बारिश से IGI एयरपोर्ट के एप्रोच रोड और फोरकोर्ट में जलभराव हो गया, जिससे कई उड़ानें प्रभावित हुईं। एयरपोर्ट प्रशासन ने एडवाइजरी जारी कर बताया कि पानी जल्द साफ कर दिया गया और टीमें यात्रियों की सुविधाओं के लिए लगातार काम कर रही हैं।

Image

दिल्ली एयरपोर्ट पर भरा पानी

दिल्ली : दिल्ली में शुक्रवार दोपहर हुई तेज बारिश का असर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के संचालन पर भी देखने को मिला। भारी बारिश के कारण दिल्ली एयरपोर्ट के एप्रोच रोड और फोरकोर्ट क्षेत्रों में पानी जमा हो गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। खराब मौसम के चलते कई उड़ानों में देरी हुई, जबकि कुछ फ्लाइट ऑपरेशंस भी प्रभावित हुए।

दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया कि शुक्रवार दोपहर हुई भारी बारिश के कारण एप्रोच रोड और फोरकोर्ट क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी। हालांकि, एयरपोर्ट प्रशासन ने बताया कि जमा पानी को कुछ समय बाद साफ कर दिया गया। एयरपोर्ट प्रशासन के मुताबिक, खराब मौसम का असर उड़ान संचालन पर भी पड़ा, जिसके चलते कुछ उड़ानों में देरी और डायवर्जन की स्थिति बनी। एयरपोर्ट की ग्राउंड टीमें सभी संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर यात्रियों को सुचारू और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही हैं।

इससे पहले अहमदाबाद, मुंबई और पोर्ट ब्लेयर समेत विभिन्न शहरों से दिल्ली आने वाली कई घरेलू उड़ानों के प्रभावित होने की जानकारी सामने आई थी। एयरपोर्ट परिसर में जलभराव के कारण यात्रियों को भी कुछ समय तक इंतजार करना पड़ा। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली में रात के दौरान भी बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज बारिश, गरज और बिजली चमकने की संभावना है।

आईएमडी ने लोगों को जलभराव वाले इलाकों और अंडरपास से सावधानी से गुजरने तथा घर से निकलने से पहले ट्रैफिक अपडेट देखने की सलाह दी है। शनिवार को भी दिल्ली में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रहने का अनुमान है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article