शहर

ब्रिगेडियर हत्याकांड: देहरादून में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद मुख्य आरोपी गिरफ्तार

देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की सनसनीखेज हत्या के मामले में उत्तराखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। राजपुर थाना क्षेत्र में देर रात हुई एक मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिसमें से एक आरोपी पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गया है।

Image

देहरादून में आधी रात को हुआ एनकाउंटर (ANI)

Photo : ANI

Dehradun News: रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की हत्या से पूरे उत्तराखंड को दहलाने वाले आरोपियों के साथ देहरादून पुलिस की बीती रात सीधी भिड़ंत हो गई। राजपुर थाना क्षेत्र के गुनियाल गांव के जंगलों में हुई इस मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके दूसरे साथी को घेराबंदी कर दबोच लिया गया।

चेकिंग के दौरान मिली थी इनपुट

देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र डोभाल ने बताया कि ब्रिगेडियर हत्याकांड के बाद से ही पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं। शुक्रवार देर रात राजपुर थाना क्षेत्र के जौहरी गांव में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस को ब्रिगेडियर जोशी की हत्या में शामिल संदिग्धों की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली।

जंगल में फायरिंग और जवाबी कार्रवाई

पुलिस टीम ने जब संदिग्धों का पीछा शुरू किया, तो आरोपी गुनियाल गांव के जंगली इलाके की ओर भागने लगे। खुद को घिरा देख एक बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग झोंक दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक आरोपी के पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने तुरंत उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया। मौके से एक पिस्तौल और कारतूस बरामद किए गए हैं।

मुजफ्फरनगर और सहारनपुर के रहने वाले हैं आरोपी

एसएसपी ने जानकारी दी कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हो गई है। मुठभेड़ में घायल हुए आरोपी का नाम मोहम्मद काविश हुसैन त्यागी है, जो उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर का निवासी है। वहीं, उसके दूसरे साथी शांतनु त्यागी (निवासी सहारनपुर) को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

मौके पर पहुंचे आला अधिकारी

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मौके का मुआयना किया। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब इन दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे के सही मकसद और इस साजिश में शामिल अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article