शहर

Muzaffarnagar: 70 हजार रुपये के विवाद में दी गई युवक को बेरहम मौत, कोर्ट ने सुनाई महिला समेत चार दोषियों को फांसी की सजा

मुजफ्फरनगर के चर्चित शेखर हत्याकांड में अदालत ने बड़ा फैसला सुनाते हुए एक महिला समेत चार दोषियों को फांसी की सजा सुनाई है। करीब सात साल पुराने इस मामले को अदालत ने 'विरल से विरलतम' मानते हुए कठोर दंड दिया, साथ ही सभी पर जुर्माना भी लगाया।

Image

मुजफ्फरनगर हत्याकांड मामले में चार को फांसी की सजा

Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले की एक विशेष अदालत ने मंगलवार को करीब सात साल पहले एक व्यक्ति की हत्या के आरोपी एक महिला और उसके तीन बेटों को दोषी करार देते हुए फांसी की सजा सुनाई और अर्थदंड भी लगाया। अभियोजन पक्ष ने यह जानकारी दी। शासकीय अधिवक्ता कुलदीप कुमार ने बताया कि जिले के सनसनीखेज शेखर हत्याकांड में त्वरित अदालत ने आरोपी महिला मुकेश (60) और उसके तीन बेटों- प्रदीप (38), संदीप (36) और सोनू (30) को फांसी की सजा सुनाई।

4 लोगों को सजा-ए-मौत

शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रवि कुमार दिवाकर ने फैसला सुनाते हुए कहा कि चारों अभियुक्तों को मृत्यु होने तक फांसी पर लटकाया जाए। अदालत ने इसे 'विरल से विरलतम' मामला मानते हुए मृत्युदंड दिया। हालांकि, यह फैसला इलाहाबाद उच्च न्यायालय की पुष्टि के अधीन रहेगा। इसके साथ अदालत ने चारों दोषियों पर 50-50 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया।

जुर्माने की पूरी राशि मृतक की मां को दी जाए

अदालत ने यह भी आदेश दिया है कि जुर्माने की पूरी राशि मृतक शेखर की मां वादिनी राजबाला को दी जाए। शासकीय अधिवक्ता ने बताया कि 17 सितंबर 2019 को भोराकलां थाना क्षेत्र के खेड़ी सूडियान गांव में शेखर की हत्या कर दी गई थी। मृतक की मां राजबाला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज हुआ था। उन्होंने बताया कि तहरीर में राजबाला का आरोप था कि उनके बेटे शेखर ने मुकेश को 70,000 रुपये उधार दिए थे।

ईंट और डंडों से पीट-पीटकर उतारा था मौत के घाट

बताया जा रहा है कि, जिस दिन घटना हुई उस दिन दोनों रुपये वापस मांगने गए थे। रुपये मांगने पर मुकेश और उसके तीनों बेटों ने ईंट और डंडों से पीट-पीटकर शेखर की हत्या कर दी। पुलिस ने जांच के बाद चारों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल की थी। उन्होंने बताया कि सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने दोषियों को सजा सुनाई।

(इनपुट - भाषा)

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article