शहर

UP में पैसेंजर ट्रेन पलटाने की साजिश, पटरियों पर रखे लोहे के लंबे पाइप; ड्राइवर ने लगाई इमरजेंसी ब्रेक...

यूपी के शामली में दिल्ली से सहारनपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन को पलटाने की साजिश नाकाम हो गई। अज्ञात लोगों ने रेलवे ट्रैक पर लोहे और सीमेंट का बड़ा पाइप रख दिया था, लेकिन ट्रेन ड्राइवर ने समय रहते ट्रैक पर रुकावट देख ली और इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी।

Image

दिल्ली सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन को पलटाने की साजिश

शामली : यूपी के शामली जिले में शनिवार-रविवार की मध्य रात्रि शरारती तत्वों ने ट्रेन पलटाने की साजिश की। दिल्ली से शामली की ओर आ रही ट्रेन संख्या 64021 को शामली ओर और बलवा स्टेशन के बीच ट्रैक से उतारने का प्रयास किया गया। शरारती तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर लोहे का कई फीट लंबा पाइप रख दिया। पाइप की लंबाई लगभग 10 फीट बताई जा रही है। हालांकि, पायलट की सूझबूझ से बड़ी घटना होने से बच गई। जानकारी के मुताबिक, पायलट ने ट्रैक पर रखे लोहे के पाइप को देखते ही इमरजेंसी ब्रेक लगाई। इस दौरान ट्रेन काफी देर तक जंगल में खड़ी रही। इस दौरान यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

दिल्ली-सहारनपुर मेमू ट्रेन के खिलाफ साजिश

दरअसल, रात्रि करीब 10:30 बजे दिल्ली से सहारनपुर के लिए (64021) मेमू ट्रेन जा रही थी। बताया गया कि जैसे ही ट्रेन बलवा गांव के अंडरपास के पास पहुंची तो ट्रेन के चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। शरारती तत्वों ने लोहे का 10 से 12 फीट लंबा पाइप और पत्थर ट्रैक पर रखे हुए थे। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन को पलटने की साजिश के तहत ही पाइप रेलवे ट्रैक पर रखा। हालांकि, अभी अधिकारी साजिश की जांच की बात कह रहे है।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और शामली पुलिस अधीक्षक रामसेवक गौतम एवं एसपी संतोष सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, जिन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं आसपास के क्षेत्र में पुलिस छानबीन कर रही है। बताया जा रहा है कि चोरों ने नलकूप से लोहे के पाइप निकाले थे और फिर रेलवे ट्रैक पर रखे थे। फिलहाल, पूरे प्रकरण की जांच पड़ताल की जा रही है।

शामली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रामसेवक ने घटनास्थल का दौरा किया। औपचारिक जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

उन्होंने बताया कि इस घटना की वजह से रेलगाड़ियों की आवाजाही कुछ समय के लिए बाधित हुई। हालांकि पटरी से पाइप हटाने और सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण के बाद रेल यातायात फिर से शुरू कर दिया गया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article