Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की आठ सीटों पर होने वाले आगामी द्विवार्षिक चुनाव से ठीक पहले विपक्षी महागठबंधन में मतभेद सतह पर आ गए हैं। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के साथ सीट बंटवारे (सीट शेयरिंग) पर सहमति न बनने के बाद, कांग्रेस ने कड़ा रुख अपनाते हुए अपने पांच उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इन प्रत्याशियों की सूची को अंतिम मंजूरी दी। इसी के साथ यह भी साफ हो गया कि बिहार में राजद और कांग्रेस का गठबंधन टूट गया है, कम से कम इस चुनाव में तो नहीं है।
एमएलसी चुनाव में कांग्रेस ने किसे दिए टिकट?
पार्टी द्वारा जारी आधिकारिक सूची के अनुसार:
- दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: डॉ. मदन मोहन झा
- कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: मनोज कुमार जायसवाल
- दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: रजनीकांत पाठक
- पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र: डॉ. संजय यादव
- पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र: असदुल्लाह खान
महागठबंधन धर्म के उल्लंघन का आरोप
बिहार में यह टकराव उस समय शुरू हुआ जब राजद ने बिना कांग्रेस से मशविरा किए एकतरफा तरीके से छह सीटों पर अपने प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया था। राजद के इस कदम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कांग्रेस नेतृत्व ने उस पर 'गठबंधन धर्म' का पालन न करने का गंभीर आरोप लगाया था। सीट शेयरिंग की वार्ता विफल होने के बाद अब दोनों दल इन सीटों पर आमने-सामने होंगे।
चुनावी कार्यक्रम
बिहार विधान परिषद की इन आठ सीटों पर मतदान 23 अक्टूबर को कराया जाएगा, जबकि वोटों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी। कांग्रेस के इस फैसले से विधान परिषद चुनाव में कई सीटों पर दोस्ताना या त्रिकोणीय मुकाबले की स्थिति पैदा हो गई है।
