Bhopal LPG Cylinder Crises Hindi News: ईरान युद्ध के कारण जारी गैस सप्लाई के वैश्विक संकट का असर अब भारत पर भी दिखने लगा है। शहर दर शहर कॉर्मशियल सिलेंडर के वितरण पर रोक लगाई जा रही है। जिससे रेस्तरां संचालकों के सामने ये मुश्किल खड़ी हो गई है कि आखिर वो अपना रसोई कैसे चलाएं। भोपाल में भी अब कॉमर्शियल सिलेंडर, उपभोक्ताओं को नहीं मिलेंगे। कहा गया है कि ऐसा इसलिए किया जा रहा है, ताकि घरेलू गैस की किल्लत न हो, सप्लाई बनी रहे।
'अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थान को छूट'
एलपीजी एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर. के. गुप्ता ने बताया कि कल से व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडर जारी नहीं किए जा रहे हैं। हालांकि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को इस रोक से छूट दी गई है। गुप्ता ने कहा, "तेल कंपनियां मामले का रिव्यू कर रही हैं और जिला प्रशासन स्थिति पर करीब से नजर रख रहा है। आज शाम 4:00 बजे होने वाली मीटिंग के बाद और जानकारी दी जाएगी। घरेलू LPG की सप्लाई में कोई कमी नहीं है।"
घरेलू गैस के लिए लंबी लाइन
नई व्यवस्था के तहत घरेलू एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग नियमों में भी बदलाव किया गया है। अब उपभोक्ता पिछली डिलीवरी के 25 दिन पूरे होने के बाद ही अगला सिलेंडर बुक कर सकेंगे, जबकि पहले यह अवधि 21 दिन थी। जिला प्रशासन स्थिति पर कड़ी निगरानी रख रहा है ताकि व्यावसायिक उपयोग के लिए घरेलू सिलेंडरों का इस्तेमाल न हो। इस बीच गैस वितरण केंद्रों पर घरेलू सिलेंडर लेने के लिए लंबी कतारें देखी गईं। कई उपभोक्ताओं ने शिकायत की कि पर्ची मिलने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। उपभोक्ता अंजू विश्वकर्मा ने कहा कि सिलेंडर लेने के लिए काम से छुट्टी लेने के बावजूद उन्हें गैस नहीं मिल सकी। वहीं जयपाल बागड़े ने बताया कि उन्हें सिलेंडर लेने का समय दिया गया था, लेकिन बाद में अगले दिन आने को कहा गया।
व्यापारी हो रहे परेशान
दूसरी ओर व्यापारियों को भी इस फैसले से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदार राजकुमार जैन के अनुसार व्यावसायिक गैस सिलेंडरों की आपूर्ति रुकने से कारोबार प्रभावित हो रहा है और कई दुकानों के पास सिर्फ एक-दो दिन का ही स्टॉक बचा है। व्यापारिक संगठनों ने सरकार से जल्द समाधान निकालने की मांग की है ताकि व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित न हों।
