शहर

Uttarakhand: पैतृक गांव पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ, मंदिर में की पूजा-अर्चना, सीएम धामी के साथ जिम में की एक्सरसाइज

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड के पैतृक गांव पंचूर पहुंचे हैं। उन्होंने हरि विष्णु पंचदेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लिया और सीएम धामी के साथ ओपन एयर जिम का शुभारंभ किया।

Image

यमकेश्वर में सीएम योगी और सीएम धामी (स्क्रीनग्रैब: X/@pushkardhami)

Photo : Twitter

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार, 7 मई को अपने दो दिवसीय निजी दौरे पर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन पर पूरे यमकेश्वर ब्लॉक में उत्साह का माहौल देखा गया। यमकेश्वर हेलीपैड पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद योगी आदित्यनाथ का आत्मीय स्वागत किया।

गुरु गोरखनाथ को नमन और ओपन एयर जिम का उद्घाटन

अपने दौरे की शुरुआत में सीएम योगी बिथ्याणी स्थित महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने अपने गुरु, महायोगी गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। इसके बाद, दोनों मुख्यमंत्रियों ने कॉलेज परिसर में नवनिर्मित 'ओपन एयर जिम' का लोकार्पण किया। रोचक बात यह रही कि लोकार्पण के बाद सीएम योगी और सीएम धामी ने जिम में एक्सरसाइज भी की, जिसने स्थानीय युवाओं और छात्रों का उत्साह बढ़ा दिया।

हरि विष्णु पंचदेव मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा

योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव पंचूर में नवनिर्मित हरि विष्णु पंचदेव मंदिर की स्थापना की गई है। इस मंदिर परिसर में 4 मई से प्राण प्रतिष्ठा के धार्मिक अनुष्ठान चल रहे हैं, जिसका समापन शुक्रवार, 8 मई को होगा। सीएम योगी इसी भव्य समारोह में शामिल होने के लिए अपने गांव पहुंचे हैं। इसके बाद दोनों मुख्यमंत्रियों ने यमकेश्वर महादेव मंदिर जाकर भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के निजी दौरे को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। सीएम धामी ने योगी आदित्यनाथ के आगमन को उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय बताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अपने गांव और यहां की संस्कृति से गहरा लगाव हमेशा से रहा है। उनके आगमन पर स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका भव्य स्वागत किया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article