शहर

CM योगी का आज वाराणसी, बागपत और दिल्ली दौरा, काशी विश्वनाथ में सोमनाथ के जल से करेंगे जलाभिषेक; जानें पूरा शेड्यूल

ख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज वाराणसी में सोमनाथ मंदिर के जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। इसके बाद वे बागपत के शिव गोरखनाथ आश्रम में मूर्ति अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। पढ़ें पूरा कार्यक्रम।

Image

आज बागपत और वाराणसी में सीएम का दौरा

Photo : PTI

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज यानी 11 मई 2026 को कुछ खास दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री आज वाराणसी और बागपत के दौरों के माध्यम से आध्यात्मिक और प्रशासनिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे। उनके इस दौरे को लेकर प्रशासन ने सभी जनपदों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इन कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री के दिल्ली आने की भी चर्चा है।

काशी में सोमनाथ संकल्प महोत्सव

सोमवार सुबह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी पहुंचेंगे। सुबह 9:30 बजे मुख्यमंत्री और राज्यपाल श्रीकाशी विश्वनाथ धाम में दर्शन-पूजन करेंगे। खास बात यह है कि वे गुजरात के सोमनाथ मंदिर से आए पवित्र जल से बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करेंगे। जिस समय पीएम मोदी गुजरात के सोमनाथ मंदिर में पूजन करेंगे, उसी समय काशी में यह विशेष अनुष्ठान होगा, जिसका सीधा प्रसारण मंदिर परिसर में दिखाया जाएगा। मुख्यमंत्री 'सोमनाथ भवन' में आयोजित कार्यक्रम में 'सोमनाथ संकल्प' का वाचन करेंगे। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा निर्मित पार्थिव शिवलिंग की स्थापना भी की जाएगी।

बागपत में मूर्ति अनावरण

काशी में पूजन के बाद मुख्यमंत्री बागपत के लिए रवाना होंगे। बागपत के मोजीजाबाद नांगल भगवानपुर गांव स्थित शिव गोरखनाथ आश्रम खोखरा में नवनाथ मूर्ति का अनावरण किया जाना है। आश्रम के महंत योगी अर्जुननाथ ने पिछले दिनों लखनऊ में मुख्यमंत्री को इसके लिए आमंत्रित किया था। मेरठ मंडल आयुक्त और डीआईजी समेत जिले के आला अधिकारियों ने मंदिर परिसर और पार्किंग व्यवस्था का निरीक्षण कर सुरक्षा चाक-चौबंद कर दी है।

दिल्ली दौरा और अन्य कार्यक्रम

वाराणसी और बागपत के कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री का दिल्ली जाने का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है। आज मुख्यमंत्री नई दिल्ली में आयोजित CII Annual Business Summit 2026- Vision for India @ 100 कार्यक्रम में वैश्विक अर्थव्यवस्था, उद्योग और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद का हिस्सा बनेंगे। वाराणसी में रवानगी से पहले मुख्यमंत्री बाबा कालभैरव के दरबार में भी हाजिरी लगाएंगे और उनका आशीर्वाद लेंगे। वाराणसी के कार्यक्रम में राज्य के कई कद्दावर मंत्री जैसे अनिल राजभर, रविंद्र जायसवाल और दयाशंकर मिश्र 'दयालु' भी मौजूद रहेंगे।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article