मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ग्रेटर नोएडा में आयोजित ‘उत्कर्ष नारी सम्मान’ समारोह में संबोधित करते हुए भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की अवधारणा पर बात की। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी के बयानों को लेकर भी निशाना साधा।
ग्रेटर नोएडा में आयोजित ‘उत्कर्ष नारी सम्मान, युवा स्वाभिमान, प्रेरणा विमर्श-2026’ के समापन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने वेदों और उपनिषदों में लिखी हुई उक्तियों का जिक्र करते हुए भारत के मूल भाव पर चर्चा की।उन्होंने कहा कि भारत इसलिए भारत है, क्योंकि भारत की आत्मा सनातन धर्म में बसती है। सीएम योगी ने कहा कि भारत दुनिया में सेक्युलर स्टेट के रूप में इसलिए है, क्योंकि भारत सनातन धर्मावलंबी है। यहां की बहुसंख्यक जनता अपनी इस परंपरा पर गौरव की अनुभूति करती है। वह अपनी ऋषि परंपरा, अपने पूर्वजों, अपने इष्ट और देवी-देवताओं, अवतारों की परंपरा, अपने तीर्थों और अपनी विरासत पर गर्व करती है।
उन्होंने कहा कि हमारे उपनिषद इस बात का आह्वान करते हैं कि चारों ओर से अच्छे विचार आएं और उनका स्वागत किया जाए। जब यह आह्वान किया जाता है तो वहां उपासना विधि का कोई भेद नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसा इसलिए है, क्योंकि हमारी ऋषि परंपरा ने हमें यही सिखाया है।
सीएम योगी ने कहा कि अयं निजः परो वेति गणना लघुचेतसाम्, उदारचरितानां तु वसुधैव कुटुम्बकम्। यानी यह मेरा है और यह तेरा है, यह संकुचित सोच वाले लोग ही करते हैं। उदार चरित्र के लोगों के लिए तो पूरी दुनिया ही एक परिवार है। उन्होंने कहा कि यह परिवार का भाव अगर किसी ने दिया है तो भारत ने दिया है और भारत की सनातन चेतना ने दिया है।
हामिद अंसारी के बयान पर साधा निशाना
यहां अपने संबोधन के दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने भारत के एक महत्वपूर्ण संवैधानिक पद पर बैठे एक व्यक्ति का बयान देखा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की फितरत होती है कि वे अपने पद की मर्यादा को बनाए नहीं रख पाते और उस मर्यादा के विपरीत आचरण करना उनकी आदत बन जाती है। उन्होंने पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने एक बयान दिया था, जो बहुत दुर्भाग्यपूर्ण था। सीएम योगी ने कहा कि उनके बयान भारत, भारतीयता, भारतीय संस्कृति और भारत की परंपरा के लिए डरावने हैं।सीएम योगी ने कहा कि यह दुनिया में भारत की छवि को धूमिल करने के प्रयासों के उस एजेंडे का हिस्सा है, जिसे “एंटी इंडिया फोर्सेस” लगातार आगे बढ़ा रही हैं। योगी ने कहा कि हामिद अंसारी की ओर से सनातन और हिंदू परंपरा को लेकर अपमानजनक टिप्पणियां की गईं और उसे आतंकवाद से जोड़ने के प्रयास हुए।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
इस दौरान योगी आदित्यनाथ ने राहुल गांधी के इंदौर में हुए छात्रों की गूंज कार्यक्रम का जिक्र करते हुए जमकर घेरा। सीएम ने कहा कि आप लोगों ने कल एक और वीडियो देखा होगा। कांग्रेस के युवराज ने भी कल अपने झूठ की गूंज में जिस प्रकार का आचरण किया, वह पूरी नारी शक्ति का अपमान है। उन्होंने कहा कि कोई भी सभ्य और सज्जन व्यक्ति भारतीय परंपरा को समझता है। अगर कोई संकरा रास्ता हो और सामने कोई बुजुर्ग, महिला, दिव्यांग या उम्र में बड़ा व्यक्ति हो तो भारतीय संस्कार कहते हैं कि पहले उन्हें रास्ता दिया जाए।
सीएम योगी ने कहा कि कहीं बैठने की व्यवस्था हो तो भी हमारा संस्कार पहले आप का है। यानी मैं भले ही इंतजार कर लूं, लेकिन अगर आप उम्र में बड़े हैं तो मेरा संस्कार कहता है कि पहले आपको सम्मान दूं। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इन मर्यादाओं और संस्कारों को नहीं सीखा है और जो भारत तथा भारतीयता को अपमानित करना अपने जीवन का एकमात्र लक्ष्य मान लेते हैं, उनसे यह उम्मीद करना मुश्किल है कि वे ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता’ के भाव को समझ सकें।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ऐसे लोगों से देश को उम्मीद करना छोड़ देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे लोग समाज में भ्रम और अव्यवस्था पैदा करने का प्रयास करते हैं और उन कार्यों को आगे बढ़ाने की कोशिश करते हैं, जिनसे भारत बदनाम हो, देश को कटघरे में खड़ा किया जाए, युवाओं के सामने पहचान का संकट पैदा हो और नारी गरिमा पर सवाल खड़े हों।
‘सर्वे भवंतु सुखिनः में कहां सांप्रदायिकता?’
सीएम योगी ने कहा कि जो लोग आज भारतीयता को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं और मातृशक्ति का अपमान कर रहे हैं, उनसे सवाल पूछा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सर्वे भवंतु सुखिनः, सर्वे संतु निरामयाः में कहां पर सांप्रदायिकता है? कहां पर कट्टरता है? वसुधैव कुटुंबकम में कहां पर कट्टरता है?
