Kolakata: पश्चिम बंगाल के नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी जल्द ही कोलकाता के चिनार पार्क स्थित अपने निजी अपार्टमेंट को छोड़कर दक्षिण कोलकाता के पॉश इलाके अलीपुर में स्थित सरकारी गेस्ट हाउस 'सौजन्य' में शिफ्ट होने जा रहे हैं। राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को इसकी पुष्टि की।
ममता के घर से महज 1 किमी दूर होगा नया ठिकाना
दिलचस्प बात यह है कि जिस 'सौजन्य' गेस्ट हाउस को सुवेंदु अधिकारी ने अपना नया ठिकाना चुना है, उसका उद्घाटन साल 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने ही किया था। यह जजेस कोर्ट रोड पर स्थित है और ममता बनर्जी के कालीघाट स्थित निजी आवास से महज एक किलोमीटर की दूरी पर है। अब तक सुवेंदु अधिकारी कोलकाता प्रवास के दौरान शहर के उत्तरी छोर पर स्थित चिनार पार्क में ठहरते थे, लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल और प्रशासनिक सुगमता को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
55 साल बाद कोलकाता के बाहर का मुख्यमंत्री
सुवेंदु अधिकारी, जो मूल रूप से पूर्व मेदिनीपुर जिले के कांथी के रहने वाले हैं, पिछले 55 वर्षों में राज्य के ऐसे पहले मुख्यमंत्री हैं जो कोलकाता के बाहर से आते हैं। इससे पहले 1971 में तामलुक के अजय मुखर्जी बंगाल के मुख्यमंत्री थे जो कोलकाता के निवासी नहीं थे।
बंगाल में क्यों नहीं है कोई 'आधिकारिक' मुख्यमंत्री आवास?
पश्चिम बंगाल की राजनीतिक परंपरा रही है कि यहां दिल्ली-लखनऊ की तरह मुख्यमंत्री के लिए कोई एक आधिकारिक बंगला तय नहीं है। ममता बनर्जी में कालीघाट स्थित अपने निजी घर से काम करती थीं, बुद्धदेव भट्टाचार्य पाम एवेन्यू के अपने फ्लैट में रहे, वहीं ज्योति बसु भी साल्ट लेक स्थित अपने आवास से कामकाज संभालते थे। चूंकि सुवेंदु अधिकारी का अपना घर कोलकाता में नहीं है, इसलिए सरकार ने 'सौजन्य' को उनके निवास और कैंप कार्यालय के रूप में तैयार करने का निर्णय लिया है।
सुरक्षा और तैयारी
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, 'सौजन्य' में मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) की आवश्यकताओं और उच्च श्रेणी की सुरक्षा (Z+ Security Protocol) के अनुरूप बदलाव किए जा रहे हैं। हालांकि, उनके वहां औपचारिक रूप से प्रवेश करने की तारीख अभी तय नहीं हुई है, लेकिन उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में वे नए कार्यालय से काम शुरू कर देंगे।
