उत्तराखंड को साहसिक खेलों और वैश्विक पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगी हुई है। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र का दौरा किया। यहां आयोजित होने वाली आगामी अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग और कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का उन्होंने खुद ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया और पूरी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों के लिए दी जाने वाली सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था, तकनीकी प्रबंध, आवागमन (ट्रांसपोर्ट), ठहरने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों को देखा।
तैयारियों में न हो कोई कमी, आपसी तालमेल से काम करें विभाग: CM
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आयोजन से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर की इस बड़ी प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए सभी तैयारियां अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप और समय सीमा के भीतर पूरी हो जानी चाहिए।
देश और विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को देवभूमि में किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय और बेहतर तालमेल के साथ काम करें। आयोजन स्थल पर स्वच्छता, शुद्ध पेयजल, तत्काल चिकित्सा सुविधा, सुरक्षा और बेहतर यातायात प्रबंधन उच्च गुणवत्ता का होना चाहिए।
सीएम धामी ने खुद लिया वाटर स्पोर्ट्स का अनुभव
इस निरीक्षण कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आयोजन स्थल पर खुद भी वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का आनंद लिया और अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की प्राकृतिक परिस्थितियां और नदियां वॉटर स्पोर्ट्स, पर्वतीय खेल और एडवेंचर स्पोर्ट्स के लिए दुनिया में सबसे अनुकूल हैं। राज्य में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं मौजूद हैं और सरकार खेल सुविधाओं के विस्तार के साथ-साथ आधुनिक खेल इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करने के लिए लगातार निवेश कर रही है।
वैश्विक मंच पर चमकेगी उत्तराखंड की खेल प्रतिभा
मुख्यमंत्री ने सरकार के विजन को स्पष्ट करते हुए कहा कि राज्य सरकार का मुख्य लक्ष्य उत्तराखंड को खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर एक नई और मजबूत पहचान दिलाना है। इस तरह के अंतर्राष्ट्रीय आयोजनों से न केवल उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन वैश्विक मंच मिलता है, बल्कि वे दुनिया के सर्वश्रेष्ठ एथलीटों को देखकर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।
इसके साथ ही, इन आयोजनों का एक बड़ा फायदा राज्य के पर्यटन और स्थानीय व्यवसाय को भी मिलेगा। देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और खेल प्रेमियों के कारण स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और उत्तराखंड की हॉस्पिटालिटी दुनिया के सामने मिसाल बनेगी। इस खास निरीक्षण अवसर पर गदरपुर के स्थानीय विधायक श्री अरविंद पांडेय सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, खेल संघों के प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
