देश

नितिन नवीन का 37 सेकेंड का वायरल वीडियो निकला फर्जी, दिल्ली पुलिस ने IFSO को सौंपी जांच

Nitin Nabin Fake Video: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नाम से सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे 37 सेकेंड के एक विवादित वीडियो को दिल्ली पुलिस ने फर्जी और डीपफेक से जुड़ा मामला बताया है।

Image

नितिन नवीन का 37 सेकेंड का वायरल वीडियो निकला फर्जी (NitinNabinBJP)

Nitin Nabin Fake Video: बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हुए 37 सेकेंड के एक वीडियो को दिल्ली पुलिस ने फर्जी और डीपफेक से जुड़ा मामला बताया है। इस वीडियो में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को चीन, पाकिस्तान, SCO समिट और भारत के स्वदेशी तेजस फाइटर जेट को लेकर विवादित बयान देते हुए दिखाया गया था। वीडियो के जरिए केंद्र सरकार की विदेश नीति और रक्षा तैयारियों पर सवाल खड़े किए जा रहे थे।

मूल भाषण था कुछ और

दरअसल, 22 नवंबर 2026 को नितिन नवीन ने चंडीगढ़ में बीजेपी के बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया था। उनके इसी भाषण के वीडियो का इस्तेमाल वायरल क्लिप बनाने में किया गया। हालांकि, मूल भाषण में उन्होंने चीन, पाकिस्तान, SCO समिट या तेजस विमान को लेकर वायरल वीडियो में सुनाई दे रही बातें नहीं कही थीं। उनके असली भाषण में SIR, मतदाता सूची और कांग्रेस के आरोपों जैसे मुद्दे शामिल थे।

वीडियो असली, लेकिन ऑडियो बदला गया

जांच में सामने आया कि वायरल वीडियो के दृश्य असली थे, लेकिन उसमें ऑडियो बदल दिया गया था। यानी नितिन नवीन के असली भाषण के वीडियो के साथ AI तकनीक के जरिए तैयार की गई फर्जी आवाज जोड़ दी गई। फैक्ट चेकिंग वेबसाइट BOOM ने भी अपनी पड़ताल में वीडियो को डीपफेक बताया।

बीजेपी ने पुलिस के पास की शिकायत

इस मामले में 23 नवंबर को दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा के नेतृत्व में छह सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली पुलिस के DCP, सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट को शिकायत दी थी। प्रतिनिधिमंडल में बीजेपी सांसद प्रवीण खंडेलवाल भी शामिल थे। बीजेपी ने वीडियो वायरल करने वाले लोगों और सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पार्टी ने वीडियो की साइबर फॉरेंसिक जांच कराने की भी मांग की।

IFSO के पास मामला

इसके बाद दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच स्पेशल सेल की IFSO (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस) यूनिट को सौंप दी। यह यूनिट साइबर अपराध और डीपफेक से जुड़े मामलों की जांच करती है। पुलिस ने Meta और X को भी नोटिस भेजकर फर्जी वीडियो हटाने को कहा है। साथ ही वीडियो प्रसारित करने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स और उनके पीछे मौजूद लोगों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।

Mohit Om
मोहित ओमauthor

जनमानस की खबर को पाठकों तक पहुंचाना ही एकमात्र लक्ष्य। एक दशक से ज्यादा पत्रकारिता का अनुभव। अपराध के पीछे की साजिश को बेपर्दा करने वाली हर खबर पर पैनी निगाह रखता हूँ।

और पढ़ें
End of Article