Chirag Paswan Bhojpur: बिहार के भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलौटी गांव में हुए कथित पुलिस एनकाउंटर का मामला अब गरमा गया है। बुधवार को केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए खुद बेलौटी गांव पहुंचे। उन्होंने पुलिस मुठभेड़ में मारे गए भरत तिवारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर घटना की पूरी जानकारी ली।
परिजनों को सांत्वना देते हुए लोजपा (R) प्रमुख ने साफ शब्दों में कहा कि इस मामले में जो भी अधिकारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
'अधिकारियों को कानून हाथ में लेने का अधिकार नहीं'
मुठभेड़ की थ्योरी पर सवाल उठाते हुए चिराग पासवान ने कड़े लहजे में कहा, 'यदि भरत तिवारी ने आत्मसमर्पण (Surrender) कर दिया था या वे कानून के सामने आने को तैयार थे, तो पुलिस को उन्हें गिरफ्तार कर उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करना चाहिए था। बिहार पुलिस या किसी भी अधिकारी को कानून अपने हाथ में लेने का और किसी की जान लेने का अधिकार कतई नहीं है।'
उन्होंने आगे कहा कि जनता का कानून और पुलिस प्रशासन पर भरोसा बनाए रखने के लिए यह बेहद जरूरी है कि वर्दी का दुरुपयोग करने वाले दोषी अधिकारियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से की चर्चा
चिराग पासवान ने इस दौरान एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि उन्होंने इस पूरी घटनाक्रम को लेकर देश के केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी विस्तार से चर्चा की है। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि वे जांच की प्रक्रिया से पूरी तरह संतुष्ट होंगे।
जांच पर चिराग का बयान: पीड़ित परिवार इस मामले की जिस भी स्तर की जांच (जैसे CBI या न्यायिक जांच) चाहता है, सरकार उस पर पूरी गंभीरता से विचार करेगी। हमारी सरकार में किसी भी बेकसूर के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
