Ghaziabad News: गाजियाबाद में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से बाइक सवार 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा 15 अगस्त की शाम एनएच-9 पर हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक अपने दोस्त के साथ नोएडा से दिल्ली के गाजीपुर जा रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क के ऊपर लटका चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में फंस गया।
बिहार के खगड़िया का रहना वाला था मृतक
मृतक की पहचान बिहार के खगड़िया निवासी रविराज के रूप में हुई है। वह नोएडा के सेक्टर-63 स्थित बहरामपुर में किराए के मकान में रहता था और ऑनलाइन डिलीवरी का काम करता था। शनिवार शाम वह अपने दोस्त नरेश के साथ बाइक से दिल्ली के गाजीपुर के लिए निकला था। बाइक रविराज चला रहा था और उसने हेलमेट भी पहन रखा था। दोनों युवक नोएडा के सेक्टर-43 कट से एनएच-9 पर पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक मांझा रविराज की गर्दन में उलझ गया। तेज धार वाले मांझे से उसकी गर्दन पर गंभीर चोट आई और वह बाइक पर ही घायल होकर गिर पड़ा। पीछे बैठे नरेश ने किसी तरह बाइक को संभाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
गर्दन पर करीब पांच सेंटीमीटर गहरा
सूचना मिलते ही कौशांबी पुलिस मौके पर पहुंची और रविराज को उपचार के लिए वैशाली स्थित मैक्स अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, गर्दन पर करीब पांच सेंटीमीटर गहरा घाव था और मांझे की वजह से गले की हड्डी तक कट गई थी। घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य भी मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, जिसके बाद वे शव को नोएडा ले गए। हादसे ने एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से होने वाले जानलेवा हादसों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
