शहर

नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति और विकास की राह पर; 80वें स्वतंत्रता दिवस पर सीएम विष्णु देव साय ने किए बड़े ऐलान

80वें स्वतंत्रता दिवस पर रायपुर में सीएम विष्णु देव साय ने ध्वजारोहण कर कहा कि नक्सलवाद से मुक्त छत्तीसगढ़ अब शांति और विकास की नई यात्रा पर है। जानिए बस्तर विकास, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़े बड़े ऐलान।

Image

परेड ग्राउंड में सीएम साय (चित्र साभार: @vishnudsai)

80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के ऐतिहासिक पुलिस परेड मैदान में ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ मिली ऐतिहासिक सफलता के बाद छत्तीसगढ़ अब शांति, सुरक्षा और समृद्धि की नई यात्रा पर अग्रसर है।

बस्तर का कायाकल्प और जन कल्याणकारी योजनाएं

मुख्यमंत्री ने बताया कि 'नियद नेल्ला नार 2.0' और 'बस्तर मुन्ने अभियान' के माध्यम से बस्तर संभाग के 39 लाख से अधिक लोगों तक 31 योजनाओं व 14 सामुदायिक सुविधाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाया जा रहा है। बंद पड़े स्कूलों को पुनः शुरू करने के साथ ओरछा और जगरगुंडा में 'एजुकेशन सिटी' बनाई जा रही है।

स्वास्थ्य व आजीविका: 'मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान' के तहत 34 लाख लोगों की हेल्थ प्रोफाइल बनाई गई है, जबकि 10 लाख परिवारों की आय बढ़ाने के लिए ₹4,824 करोड़ की आजीविका योजना लागू की गई है।

किसान कल्याण: किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदा जा रहा है। इसके अलावा इंद्रावती नदी पर मटनार और देउरगांव बैराज से 32 हजार हेक्टेयर में सिंचाई होगी।

आवास और राशन: 'मोदी की गारंटी' के तहत 24.5 लाख पीएम आवास स्वीकृत हुए हैं और 73 लाख परिवारों को निःशुल्क खाद्यान्न मिल रहा है। प्रदेश में 13.85 लाख महिलाएं 'लखपति दीदी' बन चुकी हैं।

'मेरी बेटी-मेरा अभिमान' और रोजगार के नए अवसर

स्वतंत्रता दिवस के मंच से सीएम साय ने 'मेरी बेटी-मेरा अभिमान' अभियान की घोषणा की, जिसके तहत प्रदेश के 6,671 सरकारी स्कूलों में छात्राओं के लिए अलग शौचालय बनाए जाएंगे। रोजगार और पारदर्शिता पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि 'छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल' के गठन के साथ नकल विरोधी सख्त कानून लागू किया गया है। पुलिस में 7,000 युवाओं की भर्ती पूरी हो चुकी है, जबकि शिक्षकों के 3,946 और बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर प्रक्रिया जारी है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 'CG असिस्टेंस फॉर कॉम्पिटितिव एग्जाम' योजना शुरू की जा रही है। उन्होंने आरंग के रीवां में 2,750 वर्ष पुरानी मानव बस्ती की खोज का उल्लेख करते हुए कहा कि 'सबका साथ, सबका विकास' के संकल्प से ही 'विकसित छत्तीसगढ़' का सपना साकार होगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!