Chhattisgarh Tragedy: छत्तीगसढ़ में एक व्यक्ति ने पत्नी से विवाद के बाद अपने दो बच्चों को कथित तौर पर जहर दे दिया और फिर खुदकुशी कर ली। मामला छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले का बताया जा रहा है, जहां पर पत्नी के साथ विवाद के बाद पति ने कथित तौर पर मासूम बच्चों को पहले जहर खिलाया और बाद में खुद भी जहर खाकर जान दे दी।
पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि नैला पुलिस चौकी क्षेत्र के बिरकोनी गांव निवासी रमेश कुमार पटेल (35) ने पत्नी से विवाद के बाद बेटे आदर्श (तीन) और अभिनव (दो) को कथित तौर पर जहर देकर मार डाला और फिर खुद भी जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
क्या है पूरा मामला?
अधिकारियों के मुताबिक, रमेश का अपनी पत्नी से करीब चार दिन पहले विवाद हुआ था। उन्होंने बताया कि विवाद के बाद पत्नी अपनी बेटी को लेकर मायके चली गई थी। अधिकारियों के अनुसार, परिजनों और रिश्तेदारों को उम्मीद थी कि मामला जल्द सुलझ जाएगा तथा परिवार फिर से एक हो जाएगा। उन्होंने बताया कि मंगलवार को रमेश की पत्नी घर लौटी, लेकिन दोनों के बीच एक बार फिर झगड़ा हो गया, जिसके बाद वह दोबारा मायके चली गई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: दिशा के बाद भी क्या कोई जहाज आ रहा भारत? होर्मुज संकट के बीच सरकार ने दिया बड़ा अपडेट; जानें कितनी LNG आ रही
घर से जहर का पैकेट बरामद
अधिकारियों ने बताया कि बुधवार सुबह जब पड़ोसी रमेश के घर पहुंचे, तो उन्हें तीनों (रमेश, आदर्श, अभिनव) के शव मिले। उन्होंने इसकी जानकारी अन्य ग्रामीणों और पुलिस को दी। अधिकारियों ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने घर से जहर का एक पैकेट बरामद किया है। उन्होंने कहा कि आशंका है कि रमेश ने दोनों बच्चों को जहर देने के बाद खुद जहर खाकर जान दे दी। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
