शहर

Jalgaon Accident: टक्कर के बाद केमिकल टैंकर में लगी भीषण आग; जिंदा जले दो लोग

महाराष्ट्र के जलगांव जिले में घातक केमिकल (टोल्युइन डायआइसोसायनेट-TDI) से भरा टैंकर आगे खड़े टैंकर से टकरा गया। जिसके बाद टैंकर में भीषण आग लग गई। हादसे में दो लोगों की जलकर मौत हो गई। एहतियातन हाईवे पर यातायात रोक दिया गया। दमकल ने आग पर काबू पा लिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

जलगांव में भीषण हादसा

Photo : Times Now Digital

महाराष्ट्र के जलगांव जिले में शनिवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सबगव्हाण टोल नाका के पास घातक कैमिकल टोल्युइन डायआइसोसायनेट (TDI) से भरे एक टैंकर की आगे खड़े एक अन्य टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। जिसके बाद कैमिकल भरे टैंकर में भीषण आग लग गई। जिससे दो लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एहतियात के तौर पर हाईवे पर दोनों तरफ का यातायात रोक दिया गया।

तेज रफ्तार से जा रहा था टैंकर

जानकारी के अनुसार, टैंकर (GJ-18 BV-8315) धुले से पारोला की ओर तेज रफ्तार में जा रहा था। जब वह सबगव्हाण टोल नाका के पास पहुंचा, तभी आगे खड़े एक टैंकर से उसकी पीछे से टक्कर हो गई। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का टायर फट गया और कुछ ही देर में उसमें आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। जिससे टैंकर में मौजूद दो लोग की आग की चपेट में आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पारोला और डंकल क्षेत्र से दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। जिसके बाद दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

टैंकर में भरा केमिकल था सुरक्षित

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टैंकर में भरा टोल्युइन डायआइसोसायनेट (TDI) सुरक्षित बताया जा रहा है। यह एक अत्यधिक प्रतिक्रियाशील औद्योगिक रसायन है, जिसका इस्तेमाल मुख्य रूप से पॉलीयूरीथेन फोम, कोटिंग्स, एडहेसिव्स और इलास्टोमर्स बनाने में किया जाता है।

सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने हाईवे के दोनों ओर यातायात अस्थायी रूप से रोक दिया। जिससे लंबा जाम लग गया। पुलिस और संबंधित एजेंसियां मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article