शहर

Bengaluru: केबिन क्रू से यौन शोषण के आरोपों से घिरा पायलट; हैदराबाद में दर्ज हुई जीरो FIR

बेंगलुरु शहर से एक बार फिर यौन अपराध से जुड़ी खबर आई है। पुलिस ने जानकारी दी है, कि यहां एक होटल में केबिन क्रू मेंबर के साथ यौन उत्पीड़न करने के आरोप में एक चार्टर्ड विमान के पायलट के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Image

बेंगलुरु के एक होटल में हुई थी घटना (सांकेतिक तस्वीर)

Photo : Times Now Digital

Bengaluru News: देश और दुनिया में महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराध सबसे गंभीर और दुर्भाग्य से बड़ी संख्या में होते हैं। और इसमें भी अगर यौन अपराधों की बात की जाए तो इसमें अपराधी अधिकांशत: पहचान का ही व्यक्ति होता है। भले ही सरकार और समाज की कितनी भी कोशिशें हों लेकिन NCRB का डेटा बताता है कि इन प्रयासों के बावजूद यौन अपराधों कितना बड़ा मुद्दा है। एक ऐसी ही घटना बेंगलुरु शहर से सामने आई है। जहां एक चार्टर्ड विमान के एक पायलट पर केबिन क्रू की एक सदस्य के साथ यौन उत्पीड़न का आरोप लगा है।

18 नवंबर को हुई थी घटना

समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक यह घटना 18 नवंबर को शहर के एक होटल में हुई थी, लेकिन 26 वर्षीय पीड़िता ने घटना की जानकारी कुछ दिनों बाद अपने गृह नगर, हैदराबाद लौटकर दी। इसके बाद उसने बेगमपेट पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, शिकायत मिलने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत ‘जीरो FIR’ दर्ज की गई। बाद में इस केस को जांच के लिए बेंगलुरु के हलासुरु पुलिस थाने को ट्रांसफर कर दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि हलासुरु पुलिस अब मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

क्या होती है जीरो FIR

बता दें कि जीरो FIR वह प्राथमिकी होती है जो अपराध कहीं भी घटित हुआ हो, उसे किसी भी नजदीकी पुलिस थाने में दर्ज कराया जा सकता है। इसमें एफआईआर का नंबर ‘0’ से शुरू होता है। बाद में इसे संबंधित क्षेत्राधिकार के थाने को भेज दिया जाता है। इसका उद्देश्य यह है कि शिकायत दर्ज करने में देरी न हो और जांच तुरंत शुरू हो सके। 2013 के क्रिमिनल लॉ (अमेंडमेंट) एक्ट के तहत यह प्रावधान जोड़ा गया था ताकि पीड़ितों को त्वरित न्यायिक प्रक्रिया मिल सके। पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है और पायलट से जुड़े सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article