शहर

अजमेर दरगाह में मचा हड़कंप; 'बड़ी देग' में अज्ञात शख्स ने लगाई छलांग, वायरल हुआ CCTV फुटेज

अजमेर स्थित विश्वप्रसिद्ध अजमेर शरीफ में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब एक अज्ञात व्यक्ति अचानक परिसर की ऐतिहासिक 'बड़ी देग' में कूद गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई और कर्मचारियों को तुरंत हरकत में आना पड़ा।

Image

अजमेर दरगाह में हैरान करने वाली घटना

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Ajmer Sharif Dargah News: अजमेर स्थित विश्वप्रसिद्ध सूफी संत ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती की दरगाह अजमेर शरीफ में शनिवार को उस समय अफरातफरी का माहौल बन गया, जब एक अज्ञात व्यक्ति अचानक परिसर में मौजूद ऐतिहासिक 'बड़ी देग' में कूद गया। घटना के बाद पूरे दरगाह परिसर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद खादिमों और कर्मचारियों ने तुरंत हरकत में आते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकालने का प्रयास किया।

अचानक लगाई छलांग

वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में यह साफ देखा जा सकता है कि एक युवक भीड़ के बीच से निकलकर सीधे 'बड़ी देग' के पास पहुंचता है और अचानक उसमें छलांग लगा देता है। बताया जा रहा है कि उस समय देग में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए नोट और आभूषण बड़ी मात्रा में मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक देग में गिरते ही वहां रखी नकदी को अपनी जेब में भरने लगा। हालांकि शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं बताई जा रही है।

युवक के साथ मारपीट

घटना के तुरंत बाद दरगाह कमेटी के कर्मचारी और खादिम मौके पर पहुंचे, जिससे परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। उन्होंने तुरंत देग में उतरकर युवक को बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान युवक के साथ मारपीट होने की भी जानकारी सामने आई है। काफी प्रयासों के बाद उसे किसी तरह देग से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

प्रारंभिक जांच में क्या आया सामने?

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक की मानसिक स्थिति अस्थिर बताई जा रही है। हालांकि अभी तक उसकी पहचान और इस घटना के पीछे की असली वजह का पता नहीं चल पाया है। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी बड़े नुकसान या गंभीर चोट की कोई सूचना सामने नहीं आई है।

पूरे मामले की गहन जांच जारी

अत्यंत संवेदनशील माने जाने वाले दरगाह परिसर में स्थित 'बड़ी देग' तक एक अज्ञात व्यक्ति का इस तरह पहुंचना और उसमें कूद जाना सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी को गंभीर चोट नहीं आई है। फिलहाल दरगाह कमेटी और स्थानीय पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। अब तक किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक तौर पर पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article