Suvendu Adhikari PA Murder: उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में सुवेंदु अधिकारी के PA चंद्रनाथ रथ की हत्या के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति गरमा गई है। इस वारदात ने राज्य में कानून-व्यवस्था और चुनाव के बाद हो रही हिंसा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना को लेकर कांग्रेस, भाजपा और अन्य राजनीतिक दलों की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। वहीं सुवेंदु अधिकारी ने इस हत्या को कोल्ड-ब्लडेड मर्डर बताया है। बीजेपी ने इसे वारदात को “टारगेटेड असैसिनेशन” करार देते हुए तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर निशाना साधा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच में कर रही है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
15 साल के महाजंगलराज का नतीजा - सुवेंदु अधिकारी
सुवेंदु अधिकारी ने इस घटना को लेकर दावा किया कि यह एक सोची-समझी हत्या है। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने कई दिनों तक रेकी की और फिर पूरी योजना के तहत वारदात को अंजाम दिया। अधिकारी ने कहा कि यह बेहद निर्मम हत्या है, जिस तरह से हमला किया गया, उससे साफ लगता है कि हमलावरों ने पहले से तैयारी कर रखी थी। अधिकारी ने कहा कि पुलिस को कुछ अहम सबूत मिले हैं और पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे “15 साल के महा-जंगलराज” का नतीजा" बताया। और कहा कि "BJP यहां गुंडों की सफाई का काम शुरू करेगी"
कांग्रेस ने की दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग
पश्चिम बंगाल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सुवेंदु अधिकारी के PA की हत्या की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस ने बयान जारी कर कहा कि राज्य में चुनावी प्रक्रिया के दौरान हिंसा और खून-खराबे की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिसे तुरंत रोका जाना चाहिए। कांग्रेस ने प्रशासन और चुनाव आयोग से पश्चिम बंगाल में शांति बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की अपील की है। साथ ही पूरे राज्य में तुरंत सर्वदलीय शांति बैठक आयोजित करने की मांग की है।
वहीं बीजेपी नेता अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि चंद्रनाथ रथ पार्टी और नेता प्रतिपक्ष के बेहद भरोसेमंद व्यक्ति थे। उन्होंने कहा कि "जिस व्यक्ति का BJP से कोई लेना-देना नहीं था, उसकी हत्या क्यों की गई?" पॉल ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में लगातार राजनीतिक हिंसा बढ़ रही है और आम लोगों में भारी गुस्सा है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच जारी है और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है।
केंद्रीय मंत्री सुकंता मजूमदार ने भी इस घटना को दुखद बताया है। उन्होंने कहा, "जैसे ही हमारे मुख्यमंत्री शपथ लेंगे और हमारी सरकार सत्ता संभालेगी, सब कुछ ठीक हो जाएगा, भले ही इसमें थोड़ा समय लग सकता है।" मजूमदार ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। डीजीपी ने जांच में प्रगति की जानकारी दी है। उनके अनुसार दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने लोगों से संयम बनाए रखने की अपील भी की।
TMC ने सीबीआई जांच की मांग की
वहीं ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने भी इस घटना की निंदा की है और कोर्ट की निगरानी में CBI जांच की मांग की है। पार्टी का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में उनके कई कार्यकर्ताओं की भी हत्या हुई है और पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा का माहौल लगातार बढ़ता जा रहा है।
