शहर

चंडीगढ़ पुलिस और गैंगस्टरों में क्रॉस गोलीबारी, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का गुर्गा घायल

पंजाब के चंडीगढ़ में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच क्रॉस फायरिंग हुई, जिसमें लॉरेंस बिश्नोई के एक बदमाश को गोली लगी है। घायल गैंगस्टर से पूछताछ के बाद पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Image

चंडीगढ़ पुलिस और लॉरेंस गैंस के बीच मुठभेड़ (फोटो-ANI)

चंडीगढ़ : पुलिस और गैंगस्टरों के बीच बुधवार सुबह मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच क्रॉस फायरिंग हुई, जिसमें एक गैंगस्टर को गोली लगने की सूचना है। जानकारी के अनुसार, ये वही गैंगस्टर हैं जिन्होंने कुछ दिन पहले चंडीगढ़ के सेक्टर 32 में स्थित एक केमिस्ट की दुकान पर फायरिंग की थी। इस फायरिंग की घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी और उन्हें पकड़ने के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी एक टैक्सी नंबर की गाड़ी में सवार होकर इलाके में छिपे हुए हैं।

सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस ने सेक्टर 39 स्थित जीरा मंडी के पीछे पड़ते जंगलों को घेर लिया। इलाके में घेराबंदी की और जब पुलिस ने संदिग्ध गाड़ी को रोकने की कोशिश की, तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसके बाद दोनों ओर से क्रॉस फायरिंग हुई। इस दौरान एक गैंगस्टर को गोली लग गई, जिसे बाद में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत पर पुलिस नजर बनाए हुए है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, मुठभेड़ में शामिल गैंगस्टर कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे हैं। यह गैंग पहले भी कई आपराधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है और पुलिस की रडार पर लंबे समय से है। घायल गैंगस्टर से पूछताछ के बाद पुलिस इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है।

फिलहाल पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और अन्य फरार बदमाशों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, हालांकि पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मुठभेड़ के बाद पुलिस और सीएफएसएल की टीमें सेक्टर 39 के पास उस स्थान पर पहुंचीं जहां पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ छिड़ी थी। जहां पर गोलीबारी हुई है, उसे पूरी तरह सील कर दिया गया है और टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर ये गुर्गे किस बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article