चण्डीगढ़

KMP एक्सप्रेसवे में श्रद्धालुओं से भरी बस बनी आग का गोला, 9 लोग जिंदा जले ; Video देख दहल जाएगा दिल

KMP Expressway Accident : हरियाणा के नूंह में कुंडली मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर श्रद्धालुओं से भरी यात्री बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं।

Image

KMP एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

KMP Expressway Accident : हरियाणा के नूंह में कुंडली मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां श्रद्धालुओं से एक भरी यात्री बस में भीषण आग लग गई। इस हादसे में 9 लोगों की दर्दनाक मौत की खबर है, जबकि कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। घटना देर रात 2 बजे की बताई जा रही है। फिलहाल, सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। हादसे का शिकार हुई बस बस मथुरा से जालंधर जा रही थी। इस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शोक जताया है।

बस में ही फंसे रह गए कई यात्री

जानकारी के मुताबिक, पंजाब के लुधियाना और होशियारपुर से लोग थे जो पिछले शुक्रवार को बनारस, वृंदावन दर्शन के लिए निकले थे। शुक्रवार-शनिवार की रात सभी वापस लौट रहे थे। तभी रात करीब 2 बजे बिजारनिया तहसील इलाके में कुंडली मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर चलती बस में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। निकलने की होड़ में ज्यादातर लोग बस में उलझ कर फंस गए और समय से बस से बाहर निकलने में असमर्थ रहे। देखते ही देखते आग बेकाबू हो गई और पूरी बस को अपने आगोश में ले लिया। हालांकि, कुछ लोग निकलने में सफल रहे, लेकिन ज्यादातर लोग आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए।

खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाले गए लोग

देर रात होने के कारण मदद में भी देरी हुई, लेकिन नजदीकी ग्रामीणों ने आग बुझाने से लेकर पुलिस बुलाने में की भरपूर मदद की। ग्रामीणों ने हर संभव लोगों को बचाने का प्रयास किया। खिड़कियां तोड़कर कई लोगों को बाहर निकाला। उधर, सूचना पाते ही तुरंत दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम करती रही, लेकिन तबतक काफी देर हो चुकी थी। बस में करीब 60 लोग सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल थीं। आग की चपेट में आए 8 लोग बुरी तरह झुलस गए, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे की सूचना पाते ही एसपी नरेंद्र बिजारनिया और एसडीएम तावडू सहित कई अधिकारी घटनास्थल पहुंचे। अधिकारियों के मुताबिक, बस में सवार अधिकतर लोग करीबी, धार्मिक स्थलों के दर्शन करने निकले थे। हादसे में अभी 9 लोगों की मौत हुई, कई लोग बुरी तरह झुलस गए हैं। फिलहाल सभी घायलों का इलाज अलग अलग अस्पतालों में जारी है। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो पाई है। घटना की पूरी जांच की बात कही जा रही है।

हादसे से जुड़ा एक वीडियो सामने आया है, जिसमें बस धू-धूकर जलती दिखाई दे रही है। बस में आग की लपटें प्रतीत हो रही हैं और उससे विस्फोट जैसी आवाज आ रही है। वीडियो इतना भयानक है कि देखकर किसी की भी रूह कांप जाए। बस में आग किस कारण लगी है, अभी इसका स्पष्ट कारण निकल कर सामने नहीं आया है।

राष्ट्रपति ने जाताया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने हरियाणा में एक बस में आग लगने से लोगों की मौत होने की घटना पर शनिवार को शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘हरियाणा के नूंह जिले में एक बस में आग लगने की दर्दनाक घटना में अनेक यात्रियों की मौत का समाचार अत्यंत दुखदाई है। मैं शोक संतप्त परिवारजन के प्रति गहन संवेदना व्यक्त करती हूं और घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article