चण्डीगढ़

लुधियाना में पूर्व सांसद के पीए की हत्या, हाईवे पर तलवार से ताबड़तोड़ वार

पंजाब के लुधियाना में शिअद नेता एवं पूर्व सांसद जगदेव सिंह तलवंडी के पीए रहे कुलदीप सिंह मुंडिया की तलवार से हमला कर हत्या कर दी गई। हत्या क्यों और किसलिए की गई, अभी इसका स्पष्ट कारण निकल कर सामने नहीं आया है।

Image

(सांकेतिक फोटो)

Photo : Times Now Digital

लुधियाना : लुधियाना में शनिवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दुगरी थाना क्षेत्र की 200 फीट रोड पर कुछ अज्ञात युवकों ने प्रॉपर्टी डीलर की तेजधार हथियार से हत्या कर दी। कथित तौर पर ये हमला उस वक्त हुआ जब प्रॉपर्टी डीलर कुलदीप सिंह अपने फार्महाउस से घर लौट रहे थे। जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट कार में सवार हमलावरों ने अचानक कुलदीप सिंह की गाड़ी को रोका और उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में कुलदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इस हत्याकांड से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।

पूर्व सांसद जगदेव सिंह तलवंडी के पीए की हत्या

सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल के शवगृह में भेजा। दुगरी थाना प्रभारी अवनीत कौर ने बताया कि हत्या के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है। मृतक की पहचान कुलदीप सिंह मुंडिया के रूप में हुई है। कुलदीप (शिरोमणि अकाली दल) शिअद नेता एवं पूर्व सांसद जगदेव सिंह तलवंडी के पीए रह चुके है। कुलदीप रात के समय अपने फार्म हाउस से अपनी कार में निकले थे। उसका पीछा कर रहे कार सवार बदमाशों ने उन्हें हाईवे पर घेर लिया। बदमाशों ने कार से बाहर निकाल कर जमकर पीटा। हालांकि, कुलदीप मदद की गुहार लगाता हुआ चीखता चिल्लाता रहा, लेकिन उसकी किसी ने मदद नहीं की।

घटना को लेकर भगत सिंह नगर गांव के सरपंच संजय तिवारी ने बताया कि उन्हें जैसे ही वारदात की जानकारी मिली, वो मौके पर पहुंचे। उन्होंने दावा किया कि ये हत्या किसी प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ी हो सकती है, हालांकि पुलिस ने कोई पुष्टि नहीं की है। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और व्यापारियों में भी गहरा रोष देखा जा रहा है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की मदद से हमलावरों की पहचान में जुटी है।

इधर, लुधियाना पुलिस ने एक अन्य हत्याकांड को सुलझाने का दावा किया। बताया कि उस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। लुधियाना कमिश्नर ने बताया कि पुलिस स्टेशन डिवीजन नंबर 6 के अधिकार क्षेत्र में आने वाले एक हत्या के मामले को सफलतापूर्वक सुलझाया गया है। घटना के सिर्फ 36 घंटों के भीतर 6 आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल हुई ई-रिक्शा और बाइक को भी बरामद किया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article