FIR on Haryana Ex DGP: हरियाणा के पंचकूला में पंजाब के पूर्व डीजीपी (मानवाधिकार) मोहम्मद मुस्तफा, उनकी पत्नी और पंजाब की पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना, बेटी और बहू के खिलाफ बेटे अकील अख्तर की हत्या और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज किया गया है। यह FIR थाना एमडीसी, पंचकूला में धारा 103(1) और 61 BNS के तहत दर्ज की गई है।
मौत के बाद सामने आया था वीडियो
16 अक्टूबर 2025 की रात अकील अख्तर अपने घर में मृत पाया गया था। परिवार ने दावा किया था कि उनकी मौत दवाइयों की ओवरडोज से हुई। हालांकि, इसके बाद सोशल मीडिया पर अकील का एक पुराना वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने पिता और पत्नी के बीच अवैध संबंधों का आरोप लगाते हुए अपनी जान को खतरे की आशंका जताई थी।
पड़ोसी ने दी थी शिकायत
पंजाब के मालेरकोटला निवासी शमशुद्दीन ने इस वीडियो को सबूत बताते हुए पंचकूला पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी। मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील की मौत के मामले में पड़ोसी शमसुद्दीन ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि अकील की पत्नी और पिता के बीच अवैध संबंध थे, जिसमें पंजाब की पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना भी शामिल थी। शिकायत और वीडियो की सामग्री को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने केस दर्ज किया।
SIT करेगी निष्पक्ष जांच
डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि मामले की गहन और पारदर्शी जांच के लिए एसीपी रैंक अधिकारी की अगुआई में एक विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है। उन्होंने कहा कि जांच साक्ष्य-आधारित होगी, ताकि दोषियों को सजा मिले और किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो।
