नीले ड्रम से मिला कई दिन पुराना शव
Ludhiana News: शहर के शेरपुर इलाके से एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक नीले प्लास्टिक ड्रम से एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव को प्लास्टिक की बोरियों में लपेटा गया था और मृतक के गले व पैरों पर रस्सी बंधी हुई थी। इलाके में तेज दुर्गंध फैलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद यह मामला खुला।
थाना डिवीजन नंबर 6 की SHO कुलवंत कौर ने बताया कि मृतक का चेहरा प्रवासी जैसा लग रहा है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। हालांकि फिलहाल शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं पाए गए हैं, लेकिन शव कई दिन पुराना लग रहा है और उसकी हालत बहुत खराब है।
पुलिस को घटनास्थल से मिला ड्रम बिल्कुल नया है, जिससे शक है कि हत्या की साजिश पहले से रची गई थी और ड्रम को हाल ही में खरीदा गया है। इस सुराग के आधार पर पुलिस ने शहर की करीब 42 ड्रम बनाने वाली कंपनियों की सूची तैयार की है और उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के 5 किलोमीटर के दायरे में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। इसके साथ ही सेफ सिटी कैमरों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और लाडोवाल टोल प्लाजा से लेकर शेरपुर तक के रूट को ट्रैक किया जा रहा है। कुछ संदिग्ध वाहनों की पहचान कर उनकी जांच भी की जा रही है। SHO कुलवंत कौर ने बताया कि इलाके में बड़ी संख्या में प्रवासी रहते हैं, जिनसे भी पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पूरे मामले को हत्या के रूप में लेकर विस्तृत जांच कर रही है।