Chandigarh Girl Gang Rape: चंडीगढ़ से सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला की रहने वाली एक युवती के साथ चंडीगढ़ में नशीला पदार्थ पिलाकर कथित गैंगरेप की एक वारदात सामने आई है। युवती को चंडीगढ़ के सेक्टर 39 के एक मकान में कैद किया गया था। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को अरेस्ट किया है। आरोपी की पहचान परविंदर सिंह के रूप में हुई है। जबकि दूसरा आरोपी सन्नी फरार है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी सन्नी पर पहले भी पंजाब में एक मुकदमा दर्ज है।
डीएसपी रामगोपाल के अनुसार मामला 26 दिसंबर को प्रकाश में आया। आरोपियों के चंगुल से छूटी युवती ने थाने में बयान दिया था कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
युवती को बंधक बनाकर की हैवानियत
28 साल की सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता का बीते दिन सरकारी अस्पताल में मेडिकल करवाया गया। उसके बाद कोर्ट से 164 के बयान दर्ज कराया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता को करीब चार से पांच दिन बंधक बनाकर रखा गया था। पीड़िता की निशानदेही पर सेक्टर 39 में जिस मकान में उसे बंधक बनाया था, वहां पर देर रात पुलिस ने छापा मारा। पुलिस को यहां तीन से चार लोग मिले, पुलिस ने इसमें से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी परविंदर है। पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की है। साथ ही फरार दूसरे आरोपी की तलाश में जुट गई है। डीएसपी ने बताया कि मामला काफी संगीन है। इसमें कितने लोग शामिल हैं, यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा, लेकिन जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
यह है पूरा मामला
शिमला की रहने वाली 28 साल की युवती नौकरी के लिए अपनी सहेलियों के साथ मोहाली आई थी। पीड़िता मोहाली में रह रही थी। इसी दौरान उसकी जान पहचान आरोपियों के साथ हो गई। घुमाने के बहाने आरोपी युवती को अपने साथ लेकर आए। आरोप है कि सेक्टर 39 में एक मकान में चार दिन तक उसे बंधक बनाकर रखा। इस दौरान युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे खाने में कोई चीज दी, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ वारदात को अंजाम दिया गया। सन्नी नाम के आरोपी से युवती की दोस्ती हुई थी।
