Chandigarh: खरड़ इलाके में एक फंक्शन के दौरान कहासुनी और नोकझोंक कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। हालांकि इस झगड़े को वहां मौजूद दूसरे लोगों ने खत्म करवा दिया। इसके बाद दोनों गुट वहां से अपनी-अपनी गाड़ियों में निकल गए। इनमें से एक गुट गाड़ी से निकला तो स्कार्पियो पर सवार दूसरे गुटा ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। जिसके बाद गाड़ी में सवार युवकों ने खुद को बचाने के लिए गाड़ी समेत चंडीगढ़ सेक्टर 16 के गवर्नमेंट हॉस्पिटल में घुस गए। लेकिन यहां पर भी स्कार्पियो गाड़ी पर सवार युवक ने पीछा नहीं छोड़ा और अस्पताल के अंदर आकर मारपीट शुरू कर दी। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर डंडे और लात-घूसों से हमला बोल दिया। इस मारपीट में वहां खड़ी करीब दर्जन भर गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। इस घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी गई। जिसके बाद पुलिस ने इन आरोपियों का पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर दोनों गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया है। मारपीट की यह पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। चंडीगढ़ पुलिस के अनुसार आरोपी युवकों में कुछ लॉ के स्टूडेंट्स हैं। इन सभी आरोपियों से पूछताछ कर जांच की जा रही है।
