चण्डीगढ़

Chandigarh: चंडीगढ़ की सभी 89 पेड पार्किंग को अब बैंक चलाएंगे, इस तारीख से देना होगा शुल्‍क

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Feb 14, 2023, 07:57 PM IST

Chandigarh: चंडीगढ़ नगर निगम अपने सभी 89 पेड पार्किंग के संचालन की जिम्‍मेदारी अब बैंक को सौंपने जा रहा है। बैंक कल अपने-अपने प्रस्‍ताव नगर निगम को सौंपेगे। जिसका प्रस्‍ताव सबसे बेहतर रहेगा, उसे इन पार्किंग की जिम्‍मेदारी सौंप दी जाएगी। इन सभी पार्किंग में 21 फरवरी से शुल्‍क की वसूली शुरू हो जाएगी।

Image

चंडीगढ़ सेक्‍टर 7 में स्थित नगर निगम की पार्किंग (प्रतीकात्मक तस्वीर)

KEY HIGHLIGHTS
  • विभिन्‍न बैंक कल नगर निगम को सौंपेंगे अपना प्रस्‍ताव
  • पार्किंग में शुल्‍क वसूली न होने से निगम को रोजाना 86 लाख का घाटा
  • सभी पार्किंग का संचालन 21 फरवरी से हो जाएगा शुरू


Chandigarh: चंडीगढ़ नगर निगम के सभी 89 पेड पार्किंग का संचालन अब बैंक करेंगे। नगर निगम इन पार्किंग के संचालन की जिम्‍मेदारी बैंकों को सौंपने जा रहा है। विभिन्‍न बैंक कल यानी 15 फरवरी को अपना प्रस्‍ताव नगर निगम को सौंपेंगे। जिस बैंक का प्रस्ताव बेहतर होगा, उसे आगामी एक साल के लिए इन पार्किंगों के संचालन की जिम्‍मेदारी सौंप दी जाएगी। नगर निगम का प्रयास है कि फ्री चल रहे इन सभी पार्किंग में 21 फरवरी से शुल्‍क की वसूली शुरू कर दी जाए। नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली में एमसीडी इसी तरह से अपने पार्किंग की जिम्‍मेदारी बैंकों को दे रखी है, जिससे एमसीडी को काफी फायदा हो रहा है। इसी तर्ज पर चंडीगढ़ भी अब अपने पार्किंगों के संचालन की जिम्‍मेदारी बैंकों को देने जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इससे जहां बैंक में प्रतिदिन ट्रांजेक्शन बढ़ेगा। वहीं, इससे निगम को भी सीधे तौर पर करोड़ों रुपये का फायदा मिलेगा।

बता दें कि चंडीगढ़ नगर निगम के पास कुल 89 पेड पार्किंग हैं। निगम इन सभी पार्किंग को दो भागों में बांटकर ठेके पर देता है। अभी तक इनका संचालन प्राइवेट ठेकेदार कर रहे थे। जोन दो के पार्किंग का ठेका 23 जनवरी को समाप्त हो गया था और जोन 2 के पार्किंग का ठेका 31 जनवरी को समाप्त हुआ था। जिसके बाद से ये सभी पार्किंग फ्री हैं। इनमें वाहन खड़े करने पर अभी कोई शुल्‍क नहीं वसूला जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार इन पार्किंग के खाली होने के कारण निगम को प्रतिदिन करीब 86 लाख रुपये का नुकसान हो रहा है। निगम को अभी तक दोनों जोन से रोजाना 45 लाख और 41 लाख रुपये मिलते थे। इस नुकसान को रोकने के लिए निगम अधिकारी जल्‍द से जल्‍द इन पार्किंग का दोबारा से संचालन शुरू करना चाहते हैं।

स्मार्ट फीचर लगाने के लिए आएगा इस बार प्रस्ताव

नगर निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने बताया कि इन पार्किंग के संचालन के लिए बैंकों से प्रस्ताव मांगे गए थे। कल सभी बैंक पार्किंग संचालन को लेकर अपना प्रस्ताव निगम को सौंप देंगे। इन पार्किंग का संचालन 21 फरवरी से शुरू कर दिया जाएगा। जिसके बाद इन सभी पार्किंग में स्मार्ट फीचर लगाने का कार्य शुरू किया जाएगा। इसका प्रस्‍ताव इसी माह सदन की बैठक में रखा जाएगा। जिसमें इन पार्किंगों में कौन से स्मार्ट फीचर होंगे और उसे कौन लगाएगा व नियम व शर्तें क्या होंगी आदी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। सदन से सहमति मिलने के बाद स्मार्ट फीचर लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article