चण्डीगढ़

चंडीगढ़ नगर निगम की अनूठी पहल; कूड़ा फैलाने वालों के घर के सामने बजाए ढोल-नगाड़े, फिर काटे चालान

चंडीगढ़ नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के लिए अनोखा ‘ढोल चालान अभियान’ शुरू किया है। अब किसी भी घर या दुकान के बाहर कूड़ा मिलने पर निगम की टीम मौके पर ढोल-नगाड़े बजाकर सबका ध्यान आकर्षित करेगी और तुरंत चालान काटेगी।

Image

कोई कूड़ा फेंकता दिखे तो बजाते हैं ढोल (सांकेतिक तस्वीर)

Chandigarh Dhol Campaign: चंडीगढ़ में सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने तथा गंदगी फैलाने वालों को सबक सिखाने के लिए नगर निगम ने एक बेहद अनूठा और सख्त अभियान शुरू किया है। शहर में अब किसी भी व्यक्ति के घर या दुकान के बाहर कूड़ा मिलने पर निगम की टीम वहां ढोल-नगाड़े बजाकर कार्रवाई करेगी और मौके पर ही चालान काटेगी।

ढोल बजाकर कार्रवाई

नगर निगम का कहना है कि कई बार समझाने और जागरूकता फैलाने के बावजूद लोग खुले में कूड़ा फेंकने की आदत नहीं छोड़ रहे थे। इसी वजह से अब ‘ढोल चालान अभियान’ शुरू किया गया है। जैसे ही टीम किसी को सड़क, फुटपाथ या सार्वजनिक स्थान पर कूड़ा फेंकते देखती है, ढोल बजाकर आस-पास के लोगों का ध्यान आकर्षित किया जाता है। इसके बाद मौके पर ही चालान काटा जाता है, ताकि गंदगी फैलाने वालों को शर्मिंदगी महसूस हो और वे भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करें।

मनीमाजरा में 13,401 रुपये का पहला चालान

16 नवंबर को शुरू हुए इस अभियान में पहला चालान मनीमाजरा इलाके में काटा गया, जिसकी राशि 13,401 रुपये थी। नगर निगम ने इस अभियान के लिए एक व्हाट्सऐप नंबर भी जारी किया है, जहां आम नागरिक गंदगी फैलाने वालों की शिकायत भेज सकते हैं। शिकायतकर्ताओं की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

निगम की टीमें कर रहीं हैं लगातार गश्त

नगर निगम की विशेष टीमें अलग-अलग इलाकों में सुबह से शाम तक निगरानी कर रही हैं। कहीं भी कूड़ा फेंकने या गंदगी फैलाने की शिकायत मिलते ही टीम मौके पर पहुंचकर ढोल बजाती है और जुर्माना वसूल कर आवश्यक कार्रवाई करती है। टीम के सदस्यों द्वारा लोगों को यह भी समझाया जा रहा है कि कूड़ा-कचरा फैलाने से न केवल शहर की छवि खराब होती है, बल्कि यह बीमारियों को भी बढ़ावा देता है। इसलिए स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article