चंडीगढ़: चंडीगढ़ मेयर चुनाव से जुड़ी चौकाने वाली खबर आई है। 18 जनवरी को होने वाले मेयर चुनाव में कांग्रेस और AAP मिलकर मैदान में उतरेगी। कांग्रेस ने आम आदमी के मेयर प्रत्याशी को समर्थन देने का ऐलान किया है। मेयर के लिए आम आदमी पार्टी का प्रत्याशी मैदान में होगी तो सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद के लिए कांग्रेस अपना प्रत्याशी उतारेगी।
सीनियर डिप्टी मेयर-डिप्टी मेयर के लिए कांग्रेस का दावा
दरअसल, 18 जनवरी को होने वाले चंडीगढ़ मेयर चुनाव में कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी के मिलकर मैदान में उतरने का बड़ा फैसला किया है। अब 'आप' और कांग्रेस पार्टी मिलकर मेयर का चुनाव लड़ेगी। इसमें तय हुआ है कि ज्यादा सीटों वाली आम आदमी पार्टी मेयर पद का प्रत्याशी उतारेगी। वहीं, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी का चयन करेगी।
भाजपा के पास 15 वोट
आपको बता दें 18 जनवरी को चंडीगढ़ मेयर चुनाव के लिए कुल 35 पार्षद वोटिंग करेंगे। वर्तमान का गणित समझें तो भाजपा के पास 14 पार्षद और एक सांसद का भी वोट है। वहीं, आम आदमी पार्टी के पास 13 पार्षद हैं और कांग्रेस के पास 7 पार्षद हैं। वहीं, 1 पार्षद अकाली के पास है। बहुमत के लिए 18 वोट चाहिए, जिनमें सबसे ज्यादा भाजपा के पास 15 वोट हैं। हालांकि, अगर आम आदमी पार्टी और कांग्रेस साथ आती है तो उनके पास में कुल 20 वोट हो जाएंगे।
